हिन्दुस्तान वार्ता।ब्यूरो
आगरा। इलाहाबाद हाईकोर्ट की खंडपीठ आगरा में स्थापित किए जाने समेत विभिन्न जनहित की मांगों को लेकर अधिवक्ताओं ने शनिवार को चौधरी चरण सिंह प्रतिमा स्थल, दीवानी कचहरी के सामने उपवास किया। अधिवक्ताओं ने सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक उपवास रखकर आगरा के विकास से जुड़ी मांगों को प्रमुखता से उठाया।
उपवास के दौरान आगरा में इलाहाबाद हाईकोर्ट की खंडपीठ स्थापित करने, आगरा जनपद में जलस्तर बढ़ाकर किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने, आगरा में एम्स की शाखा स्थापित करने, अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम का निर्माण कराने तथा आगरा में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा स्थापित करने की मांग की गई।
अधिवक्ताओं ने कहा कि आगरा ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण शहर होने के बावजूद कई बुनियादी एवं विकास संबंधी सुविधाओं से वंचित है। इन मांगों को लंबे समय से उठाया जा रहा है और इनके पूरा होने से आगरा सहित आसपास के क्षेत्रों को भी लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में आगरा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुभाष परमार के साथ अरुण सोलंकी, शैलेंद्र रावत, आर.के. नीलम, ऋषिराज चौहान, भारत सिंह, एम.पी. सिंह, विलाल अहमद, नोशाद अहमद, महेंद्र बंसल, तजेंद्र लोधी, गीतम चौधरी, केशव शेखावत, विकास पचौरी, प्रतुल शर्मा, गौतम वर्मा, नरेंद्र, ज्ञानेंद्र, प्रतीक सिंघल, सम्यक और अनिल तोमर सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।

