जन्म शताब्दी वर्ष पर विशेष : आगरा में जन्मे थे रामजन्म भूमि आंदोलन के नायक अशोक सिंघल जी

 


आगरा सिटी स्टेशन रोड पर है मामा जी का घर

हिन्दुस्तान वार्ता। ✍️ आदर्श नंदन गुप्ता,वरिष्ठ पत्रकार

 आगरा : राम जन्मभूमि आंदोलन के नायक व विश्वहिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष रहे स्व. अशोक सिंघल का जन्म आगरा में हुआ था, जिससे उनका इस शहर से गहरा नाता था। यहां समय-समय पर आते रहे और हर कार्यक्रम में उन्होंने रुचि दिखाई थी।

अलीगढ़ के ग्राम बिजौली के मूल निवासी अशोक सिंघल के पिता राय बहादुर महावीर सिंघल सरकारी विभाग में अधिकारी थे। अशोक सिंघल के मामा डा.अविनाश सिंघल सिटी स्टेशन रोड पर बीपी आयल मिल के सामने एक मकान में रहते थे। मामा के बेटे प्रो.ध्रुव बंसल ने बताया कि पुराने जमाने में मायके में ही महिलाएं प्रसव कराने आती थीं, इसलिए अशोक सिंघल की माताजी विद्यावती सिंघल उनके घर आ जाती थीं। अशोक सिंघल सात भाई थे। अशोक सिंघल व उनसे छोटे चार भाइयों का जन्म इसी मकान में हुआ। अशोक सिंघल के एक भाई बीपी सिंघल डीजी पुलिस रहे। दूसरे भाई पियूष सिंघल की यमुनापार सिंघल पेस्टीसाइड फैक्ट्री थी। 

लाजपत कुंज में थी उनकी कोठी :

ध्रुव बंसल ने बताया कि खंदारी के लाजपत कुंज सिविल लाइंस में अशोक सिंघल की कोठी थी, जिसमें उनकी बहन ऊषा सिंघल रहती थीं। वे विश्वहिंदू परिषद की महिला शाखा दुर्गा वाहिनी की राष्ट्रीय संयोजक थीं। अब वह कोठी बिक चुकी है।

अशोक सिंघल का जन्म जिस मकान में हुआ, वह अब जीर्णशीर्ण अवस्था में है। उसके कई हिस्से हो गए, उसका कुछ हिस्सा बिक भी गया है। वर्ष 1997 में जब मैं रोटरी क्लब आगरा का अध्यक्ष बना, तब अशोक सिंघल मेरे अधिष्ठापन समारोह में आए थे। तब उन्होंने कहा था कि किसी विदेशी संस्था के कार्यक्रम में वे नहीं जाते, तुम मेरे भाई हो, इसलिए आए हैं।

- ध्रुव बंसल (मामा के पुत्र)


अशोक सिंघल का सपना था कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि, मथुरा तथा काशी विश्वनाथ मंदिर की भी मुक्ति शीघ्र हो और श्रीकृष्ण जन्मभूमि मथुरा पर भव्य मंदिर का निर्माण हो। यह भी एक अजीब संयोग है कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि मथुरा के संबंध में विश्व हिंदू परिषद के  परामर्श  से सम्पूर्ण हिन्दू समाज की ओर से वाद मेरे द्वारा ही तैयार किया गया है और उनके द्वारा ही इस वाद में हिन्दू समाज की ओर से  पैरवी की जा रही है।

श्रीकृष्ण जन्मभूमि मथुरा के संबंध में जितने भी वाद  न्यायालय में दायर किए गये हैं उनमें से केवल इसी वाद को उच्च न्यायालय, इलाहाबाद द्वारा संपूर्ण हिन्दू समाज की ओर से दायर किया गया वाद माना है।  इसी वाद को सम्पूर्ण मुस्लिम समाज के खिलाफ घोषित किया गया है। विगत माह  विश्व हिंदू परिषद के अन्तरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार जी स्वयं इस संबंध में विस्तार से चर्चा करने के लिए श्री सुरेन्द्र गुप्ता एडवोकेट के निवास पर आए थे और उन्होंने पूरे दिन ही इस वाद के संबंध में मुझसे विस्तारपूर्वक चर्चा की थी।

- सुरेन्द्र  गुप्ता, एडवोकेट