सेवा भारती : ' संत रविदास जी ' जयंती पर सामाजिक समरसता और सेवा का संकल्प



सेवा भारती पश्चिम महानगर आगरा के कार्यक्रम में 50 सेवा केंद्रों के शिक्षक हुए शामिल

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। सेवा भारती पश्चिम महानगर आगरा के तत्वावधान में मोती कुंज स्थित कार्यालय भवन में संत शिरोमणि श्री रविदास जी की 650 वीं जयंती उल्लास पूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रांतीय उपाध्यक्ष श्री वीरेंद्र वार्ष्णेय सहित उपस्थित अतिथियों ने संत रविदास जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन कर उन्हें नमन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सेवा भारती पश्चिम महानगर के अध्यक्ष श्री किशन प्रसाद बंसल ने कहा कि संत रविदास जी ऐसे महान संत थे, जिन्होंने अपनी भक्ति और कर्म के माध्यम से समाज को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि संत रविदास जयंती सामाजिक समरसता, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश को आगे बढ़ाने का अवसर है।

सेवा भारती के विभाग अध्यक्ष श्री जगमोहन गुप्ता ने कहा कि संत रविदास जी भगवान के सच्चे भक्त थे। उनकी जयंती पर सभी को उनके विचारों और आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा समाज में प्रेम, समानता और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देने का संकल्प लेना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान सुशोभित भारत अभियान के अंतर्गत सेवा भारती ब्रज प्रदेश के मंत्री श्री स्वामी नाथ तिवारी ने मोती कुंज कार्यालय भवन पर उपस्थित माता एवं बहनों को पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बच्चों को कुपोषण से बचाने के लिए पौष्टिक भोजन, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी अनेक उपाय भी बताए।

सेवा भारती ब्रज प्रदेश के उपाध्यक्ष श्री वीरेंद्र वार्ष्णेय ने आगामी नवदुर्गा पर्व के अवसर पर प्रत्येक बस्ती में कन्या पूजन के कार्यक्रम आयोजित करने की योजना पर प्रकाश डाला। वहीं,सेवा भारती के संगठन मंत्री श्री सुनील कुमार ने बताया कि करवा चौथ के अवसर पर मुख्य बाजारों एवं गेट बंद कॉलोनियों सहित विभिन्न स्थानों पर सेवा भारती की शिक्षिका बहनों द्वारा टेंट एवं स्टॉल लगाकर समाज की माता एवं बहनों के हाथों पर कलात्मक मेहंदी रचाई जाएगी।

इस अवसर पर सेवा भारती मोती कुंज कार्यालय में मानदेय एवं सेवा सम्मान कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पश्चिम महानगर आगरा के प्रभारी श्री किशोरी लाल लोधा, प्रांतीय कार्यालय मंत्री श्री अरविंद रावत, महानगर उपाध्यक्ष श्री सुमित रमन, महानगर कोषाध्यक्ष श्री दयाशंकर तिवारी तथा सीकरी जिला उपाध्यक्ष श्री राम कृपाल सिंह सिकरवार की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में पश्चिम महानगर आगरा एवं सीकरी जिला के 50 सेवा केंद्रों के शिक्षकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा समाज के जरूरतमंद वर्ग तक सेवा गतिविधियों को पहुंचाने पर भी चर्चा की गई।