आगरा : बाजारों में फिर लागू होगा साप्ताहिक बंदी का नियम, रात 9 बजे तक खुलेंगी दुकानें



सवांददाता, के.के.कुशवाहा


आगरा। सर्दी के मौसम में कोरोना के मामलों में तेजी देखी जा रही है। कोरोना नियंत्रण के लिए जहां आगरा प्रशासन द्वारा गाइडलाइन जारी की गई है तो वहीं बिना मास्क के शहर में घूम रहे लोगों पर कड़ी कार्यवाई की जा रही है। इसके बाद प्रशासन ने अब बाजारों पर सख्ती करना शुरू कर दिया है। सात दिन बाद यानी 30 नवंबर से दोबारा बाजारों में साप्ताहिक बंदी लागू हो जाएगी।

दरअसल त्योहार के मद्देनजर बाजारों को प्रशासन के नियमों से छूट दी गयी थी। जानकारी के मुताबिक बाजारों को मिली यह छूट आगरा प्रशासन कार्तिक पूर्णिमा के बाद खत्म कर सकता है। 30 नवंबर के बाद जहां एक तरफ साप्ताहिक बंदी लागू हो जाएगी तो वहीं रात नौ बजे के बाद बाजार नहीं खुलेगा।

एडीएम सिटी डॉ. प्रभाकांत अवस्थी ने बताया कि शासन ने 30 नवंबर तक साप्ताहिक बंदी नहीं करने के आदेश दिए थे। सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक बाजार खोले गए। सात दिन बाद ये मियाद खत्म हो रही है। फिर दोबारा से बाजारों में साप्ताहिक बंदी की व्यवस्था लागू हो जाएगी। रात नौ बजे के बाद बाजार नहीं खुलेगा। देर रात अगर कोई बाजार खुलेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। थाना स्तर पर जांच के लिए कमेटियां बनाई जाएंगी।