कैनाल टॉप सौर ऊर्जा संयंत्र के साथ,नहर सौर ऊर्जा की बनाई जाये परियोजना:नेशनल चैम्बर।



इससे आगरा होगा विद्युत आपूर्ति में आत्मनिर्भर।

वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को मिलेगा बढ़ावा।

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा: 13 जुलाई,आगरा जिले में कैनाल टॉप सौर ऊर्जा संयंत्र के साथ, नहर सौर ऊर्जा परियोजना स्थापित करने के लिए माननीय मुख्यमंत्री को एक विस्तृत प्रतिवेदन प्रेषित किया गया।

अध्यक्ष राजेश गोयल ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री द्वारा आगरा शहर के सतत विकास के लिए भरसक प्रयास किये जा रहे हैं।

 चैम्बर,मुख्यमंत्री के इन प्रयासों की  सराहना करता है। उन्होंने आगे कहा कि आगरा शहर को विद्युत आपूर्ति में आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है और वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा दिया जा सकता है। आगरा में गुजरात के मेहसाणा जिले कि तर्ज पर पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल पर नहर सौर ऊर्जा परियोजना स्थापित की जा सकती है,क्योंकि आगरा में 737 किलोमीटर लंबी एवं 28375 हेक्टेयर भूमि क्षेत्रफल की नहर एवं रजवाहा वर्तमान में मौजूद है, जिसमें बिजली पैदा करने के लिए सौर पैनल स्थापित करने के लिए यमुना एवं सहायक नहरों के नेटवर्क का उपयोग किया जा सकता है।

विद्युत प्रकोष्ठ के कोचेयरमैन राहुल जैन ने कहा कि नहर सौर परियोजना स्थापित करने से अनेक लाभ मिल सकते हैं। इसके लिए भूमि के विशाल हिस्से को अधिग्रहण करने की आवश्यकता नहीं होगी, इससे नहर के पानी का वाष्पीकरण सीमित होगा, ऊर्जा व जल को संरक्षण प्राप्त होगा। इस परियोजना के तहत प्रति मेगावाट सौर ऊर्जा का लागत मूल्य नियमित सौर ऊर्जा संयंत्रों की अपेक्षा लागत मूल्य बहुत कम होगा।