नेशनल चैम्बर ने मंडलायुक्त द्वारा की गई घोषणाओं पर शीघ्र कार्य प्रारम्भ करने का किया अनुरोध।



आगरा दर्शन हेतु टूरिस्ट बस,कीठम झील में नौकायन,रिसोर्स सेंटर चालू कराने का अनुरोध।

बटेश्वर और चम्बल सफारी के लिए बस चलाई जायें।

सूर सरोवर के पास स्वागत द्वार बनाया जाए।

 सूर सरोवर के मुख्य गेट को आकर्षक बनाया जाए।

यमुना किनारा रोड को वीआईपी रोड का दर्जा मिले।

यमुना किनारे पार्कों का सौंदर्यीकरण का कार्य शीघ्र प्रारम्भ हो।

जोधपुर झाल जाने वाले रास्ते को पक्का किया जाए, ताकि पर्यटक आसानी से वहां पहुंच सके।

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा:आगरा के विकास के सम्बन्ध में नेशनल चैम्बर द्वारा पूर्व में प्रेषित पत्रों  का संज्ञान लेते हुए मंडलायुक्त महोदया द्वारा चैम्बर की कई मांगों के लिए उनके द्वारा घोषणाएं  की गयी हैं ।  

चैम्बर द्वारा उनका स्वागत किया गया है। उनको धन्यवाद प्रेषित करते हुए नेशनल चैम्बर द्वारा उन्हें एक पत्र प्रेषित किया गया है, जिसमें की गयी घोषणाओं के लिए अपने सुझाव दिए है और मांग की गयी है। 

पूर्व अध्यक्ष एवं जनसम्पर्क समन्वय प्रकोष्ठ के चेयरमैन मनीष अग्रवाल ने कहा कि आगरा के बॉर्डर पर स्वागत द्वार बनाने की घोषणा एक स्वागत योग्य कदम है। इससे आगरा के पर्यटन उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कीठम झील/सूर सरोवर के निकट स्वागत द्वार बनाने की मांग की और कहा कि इस स्वागत द्वार को हाईवे पर जगह-जगह दर्षित किया जाये ताकि पर्यटक को यहां आने में कोई दिक्कत न हो। जोधपुर झाल के लिए पक्का मार्ग बनाया जाये। कीठम झील से पूर्व रिसोर्स सेंटर पर आगरा के स्मारकों, धार्मिक स्थलों, पर्यटन स्थलों, सभी पक्षी विहारों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाये। जिससे पर्यटक आगरा के सभी पर्यटन स्थानों को आसानी से देख सकें। रिसोर्स सेन्टर को हैल्प डेस्क के रूप में विकसित किया जाये।

पर्यटन विकास प्रकोष्ठ के चेयरमैन प्रहलाद अग्रवाल ने कहा कि सूर सरोवर दिल्ली की ओर से आने वाले पर्यटकों के लिए आगरा का प्रथम पर्यटन स्थल है। इस स्थल पर पर्यटकों को आगरा पर्यटन नगरी के रूप में  अनुभव हो। इस हेतु सूर सरोवर को सारी सुविधाओं से सुसज्जित किया जाये। नौका विहार का संचालन शीघ्र प्रारंभ किया जाये, गोल्फ कार्ट चलाई जाये। यहाँ सभी पर्यटन स्थलों के लिए पूर्ण जानकारी हो।

अध्यक्ष राजेश गोयल ने बताया कि मंडलायुक्त महोदया द्वारा पदभार ग्रहण करते ही आगरा के विकास कार्यों को प्राथमिकता पर लिया गया है। चैम्बर की मांगों को प्राथमिकता दी जा रही है। चैम्बर द्वारा कई लंबित मांगों के लिए उनके द्वारा घोषणा की गई हैं जो बहुत ही स्वागत योग्य हैं। हमें आशा है कि उनके द्वारा शीघ्र ही शहर की कायाकल्प होगी। यमुना किनारे रोड को वीआईपी रोड बनाया जायेगा। यमुना किनारा स्थित पार्कों का सौन्दर्यकरण किया जाये।  वहां अवांछनीय तत्वों के विरुद्ध बड़ी कार्यवाही की जायेगी। शहीद स्मारक में रख-रखाव मानकों के अनुरूप किया जायेगा। इस बार जनकपुरी सजने से शहीद स्मारक में लाइट एंड साउंड शो, फुब्बारे, पुस्तकालय का उच्चीकरण, शहीदों की प्रतिमाओं पर उनका विवरण आदि अधूरे कार्यों को शीघ्रता से पूरा किया जायेगा।