हिन्दुस्तान वार्ता।ब्यूरो
आगरा। गंदगी के ढेर हटे,गलियों ने चमक ओढ़ी और नगर निगम के प्रयास रंग लाए। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 में आगरा नगर निगम ने इतिहास रचते हुए देशभर में 10वीं रैंक और उत्तर प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है। यह नतीजा उस शहर के लिए बड़ी उपलब्धि है जिसकी रैंकिंग पिछले साल देश में 85वीं थी।
लखनऊ ने इस साल यूपी में पहला स्थान प्राप्त किया है,लेकिन आगरा की छलांग को सबसे चौंकाने वाला और प्रेरणादायक माना जा रहा है। दिल्ली में महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर के हाथों स्वच्छता सर्वेक्षण का प्रमाण पत्र प्राप्त किया। आगरा की रैंकिेग में सुधार में बहुत बड़ी भूमिका नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल की भी रही है।
नगर निगम ने स्वच्छता सर्वेक्षण को ध्यान में रखकर रणनीतिक तैयारी की थी। जिन क्षेत्रों में कूड़े के ढेर और गंदगी से रैंकिंग गिरती थी, वहां विशेष रूप से सौंदर्यीकरण कराया गया। पार्कों, प्रमुख बाजारों, पर्यटक स्थलों और रेलवे स्टेशन/बस स्टैंड के आसपास सफाई की विशेष निगरानी रखी गई। डोर-टू-डोर कलेक्शन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, जन जागरूकता अभियान,पब्लिक टॉयलेट्स की स्थिति और स्वच्छता एप पर फीडबैक जैसी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया गया।
महापौर और नगर आयुक्त,नगर स्वास्थ्य अधिकारी के नेतृत्व में नगर निगम की टीम ने लगातार जनभागीदारी को भी बढ़ाया।
गंदगी से बदनाम रहे आगरा शहर के लिए यह नई उपलब्धि हर मायने में उल्लेखनीय है। शहर अब स्वच्छता में नजीर बन रहा है। ऐसे में यह छलांग न सिर्फ आश्चर्यजनक है, बल्कि आगरा नगर निगम के प्रयासों की सशक्त गवाही भी देती है। यूपी में इस बार लखनऊ नगर निगम पहले स्थान पर रहा है।
केंद्रीय शहरी विकास मंत्रालय द्वारा देश के 4,500 से अधिक शहरी निकायों के बीच स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 कराया गया था। इसमें शहरों की सफाई, कचरा निस्तारण, नागरिक फीडबैक, तकनीकी नवाचार, प्रशासनिक व्यवस्था आदि बिंदुओं पर मूल्यांकन किया गया।
आगरा को पिछले वर्षों में खराब रैंकिंग के लिए आलोचना झेलनी पड़ी थी। मगर इस बार 85वें स्थान से 10वें स्थान तक की छलांग ने साफ कर दिया है कि नगर निगम ने जमीनी स्तर पर मेहनत की है।
भाजपा पार्षदों ने जताई खुशी,मिटाई बांटी :
स्वच्छता सर्वेक्षण के नतीजे सामने आते ही भाजपा के पार्षद नगर निगम पहुंच गये थे। वरिष्ठ पार्षद शरद चौहान, राकेश जैन, पार्षद दल के नेता प्रकाश केशवानी,रवि माथुर,अनुराग चतुर्वेदी ने बताया कि शहर के लिए यह गौरव का क्षण है। पार्षदों ने मिष्ठान का वितरण भी किया।