हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा : 18 अप्रैल का दिन ईसाई धर्मावलम्बियों के लिए अत्यंत श्रद्धा और शोक का दिन रहा। गुड फ्राइडे—जिसे पुण्य शुक्रवार भी कहा जाता है—पर सम्पूर्ण नगर में प्रभु ईसा मसीह की क्रूस पर दी गई बलिदानी मृत्यु को गहन भक्ति,मौन और आत्मचिंतन के साथ स्मरण किया गया। सभी गिरजाघरों, मसीही संस्थानों और परिवारों में विशेष प्रार्थना सभाएं,धार्मिक अनुष्ठान एवं पापमोचन की विधियाँ आयोजित की गईं।
इस अवसर पर महाधर्माध्यक्ष डॉ.राफी मंजलि द्वारा सेंट पीटर्स कैथेड्रल चर्च में आयोजित मुख्य प्रार्थना सभा में प्रभु ईसा मसीह के बलिदान के गूढ़ अर्थ पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने कहा,"ईसा मसीह का बलिदान आज भी हमें यह सिखाता है कि जब भी किसी गरीब, भूखे या निर्दोष व्यक्ति पर अन्याय होता है, तो यह ईश्वर पर आघात होता है। मानवता की गरिमा का अपमान होता है और ईश्वरीयता को ठेस पहुँचती है।" उन्होंने सभी को मानव सेवा, दया और भाईचारे के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
सेंट मेरीज़ चर्च में फादर जोसेफ डाबरे, फादर मून लाज़रस, फादर संतोष, फादर लल्योड एवं फादर जॉन फरेरा की अगुआई में धर्मविधियों का आयोजन हुआ। बड़ी संख्या में धर्मगुरुओं, धर्मभाई-बहनों और श्रद्धालु मसीही जनों ने भाग लिया। लोगों ने ईसा मसीह के बलिदान को स्मरण करते हुए मौन साधना और प्रायश्चित किया तथा विश्व शांति और मानव कल्याण की प्रार्थना की।
गुड फ्राइडे की एक अत्यंत विशेष विधि रही "क्रूस यात्रा"—जिसमें प्रभु ईसा मसीह की गिरफ्तारी, कोड़े खाने, कांटों का ताज पहनाए जाने और अंततः क्रूस पर चढ़ाए जाने की चौदह घटनाओं को जीवंत नाट्य रूप में प्रस्तुत किया गया। इस दृश्य ने उपस्थित जनसमूह को गहराई से स्पर्श किया और मसीह के प्रेम और बलिदान की महत्ता को आत्मसात कराया।
सेंट पैट्रिक चर्च,कैंट में फादर सनी कोट्टूर,फादर ग्रेगोरियस, और श्री लॉरेंस मसीह के संचालन में विशेष भजनों की प्रस्तुति हुई,जिसमें गायन मंडली ने प्रभु स्तुति के गीतों से माहौल को भावविभोर कर दिया। संगीतमय आराधना ने सभी को आत्मिक शांति प्रदान की।
क्रिश्चियन समाज सेवा सोसाइटी के अध्यक्ष डेनिस सिल्वेरा ने सभी धर्मप्रेमी लोगों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा, "आप सभी ने इस पुण्य दिन को एकजुट होकर आत्मीयता से मनाया, यह हमारे समाज की आध्यात्मिक एकता का परिचायक है। मैं आप सभी से निवेदन करता हूँ कि इसी भाव से आगामी पर्व—ईस्टर संडे—में भी सहभागी बनें। शनिवार रात्रि 11:00 बजे जागरण की मिस्सा आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी को आमंत्रित किया जाता है।
रिपोर्ट -असलम सलीमी।