हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। क्षेत्र बजाजा कमेटी को जनसेवार्थ रविवार को एक और एसी ताबूत दान स्वरूप प्राप्त हुआ। यह एसी ताबूत अवधपुरी, शाहगंज-बोदला रोड निवासी कर्नल डॉ. ज्ञानचंद व उनकी पत्नी श्रीमती सरोज वर्मा द्वारा भेंट किया गया।
विद्युत शवदाहगृह, ताजगंज परिसर स्थित कमेटी के सत्संग हॉल में आयोजित कार्यक्रम में दानदाता परिवार ने कमेटी पदाधिकारियों को एसी ताबूत सौंपा। इस अवसर पर कमेटी के महामंत्री राजीव अग्रवाल ने बताया कि नए ताबूत के शामिल होने से अब कमेटी के पास कुल 19 एसी ताबूत हो गए हैं, जिससे जरूरतमंद परिवारों को यह सेवा और अधिक सहज एवं त्वरित रूप से उपलब्ध कराई जा सकेगी।
प्रकल्प प्रभारी उत्कर्ष अग्रवाल ने बताया कि भीषण गर्मी के दौरान एसी ताबूतों की मांग सामान्य दिनों की तुलना में दोगुनी से भी अधिक हो जाती है। ऐसे में दानदाताओं का सहयोग समाज सेवा के इस कार्य को मजबूती प्रदान करता है।
कमेटी के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने कर्नल डॉ. ज्ञानचंद एवं श्रीमती सरोज वर्मा सहित पूरे परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका यह योगदान समाज के लिए प्रेरणादायी है।
कार्यक्रम में दानदाता परिवार की ओर से प्रेमा वर्मा, ललित वर्मा एवं रवि वर्मा उपस्थित रहे। वहीं कमेटी की ओर से उपाध्यक्ष विष्णु गर्ग, संजीव गुप्ता, मुकेश अग्रवाल, प्रमोद अग्रवाल, नंदकिशोर गोयल सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
रिपोर्ट : असलम सलीमी

