आगरा क्लब में “मे क्वीन बॉल 2026” का भव्य समापन



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। आगरा क्लब के लॉन में आयोजित प्रतिष्ठित ब्यूटी पेजेंट “मे क्वीन बॉल 2026” शनिवार रात भव्य और उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता में शहर की प्रतिभावान युवतियों और महिलाओं ने आत्मविश्वास, बुद्धिमत्ता और आकर्षक व्यक्तित्व का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों और निर्णायकों को प्रभावित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ आगरा क्लब की फर्स्ट लेडी श्रीमती सीमा प्रताप, स्टेशन कमांडर ब्रिगेडियर रजत त्यागी, ब्रिगेडियर के.बी. सिंह तथा ब्रिगेडियर एस.पी. यादव द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद तंबोला इवेंट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को रंगीन बना दिया।

दिल्ली से आई प्रोफेशनल मॉडल्स की रैंप वॉक और ‘एवोल्यूशन डांस ग्रुप’ की ऊर्जावान प्रस्तुतियों ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। प्रतियोगिता के पहले राउंड में प्रतिभागियों ने पारंपरिक भारतीय साड़ियों में रैंप वॉक कर अपनी शालीनता और आत्मविश्वास का परिचय दिया।

अंतिम ‘क्वेश्चन-आंसर राउंड’ में प्रतिभागियों ने तार्किक और बौद्धिक सवालों के सधे हुए जवाब देकर “ब्यूटी विद ब्रेन्स” का शानदार उदाहरण प्रस्तुत किया। कड़े मुकाबले के बाद दीप्ति सारस्वत को “क्लब क्वीन 2026” का ताज पहनाया गया। 59 वर्षीय दीप्ति सारस्वत ने अपने आत्मविश्वास और जीवन में कभी हार न मानने के संदेश से सभी को प्रेरित किया। अर्शप्रीत कौर “क्लब प्रिंसेस” और डॉ. निधि रावत “क्लब शहज़ादी” चुनी गईं।

निर्णायक मंडल में मिसेस साही, डॉ. अनु प्रसाद और कॉर्पोरेट ट्रेनर सुप्रिया शामिल रहीं।फर्स्ट लेडी श्रीमती सीमा प्रताप ने विजेताओं को सम्मानित करते हुए क्लब की सांस्कृतिक गतिविधियों की सराहना की और प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आगरा क्लब के मानद सचिव पं. राहुल के. पालीवाल ने बताया कि विजेताओं को गिफ्ट वाउचर्स, ट्रैवल वाउचर्स, क्राउन, सेश और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।

एंटरटेनमेंट डायरेक्टर कर्नल धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर का मंच देना था, जिसमें क्लब पूरी तरह सफल रहा। कार्यक्रम का निर्देशन फिल्म लेखक-निर्देशक सूरज तिवारी ने किया, जबकि मंच संचालन प्रसिद्ध एंकर लीसा तोमर ने किया। फैशन कोरियोग्राफी सागर कक्कड़ द्वारा की गई।इस अवसर पर आगरा क्लब के पदाधिकारी, क्लब सदस्य एवं शहर के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।