सिकंदरा मंडी में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई,200 किलो सड़े-गले फल-सब्जियां नष्ट



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा मंगलवार को सिकंदरा स्थित फल एवं सब्जी मंडी परिसर में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य-II, आगरा के नेतृत्व में की गई।

निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों ने मंडी में खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान विक्रय हेतु रखी गई सड़ी-गली एवं खराब गुणवत्ता की फल-सब्जियों को मौके पर ही नष्ट कराया गया।

विभाग द्वारा नष्ट कराई गई खाद्य सामग्री में लगभग 15 किग्रा शिमला मिर्च, 40 किग्रा टमाटर, 40 किग्रा खरबूजा, 10 किग्रा गोभी, 10 किग्रा हरी मिर्च, 25 किग्रा खीरा एवं 60 किग्रा तरबूज शामिल रहे। कुल करीब 200 किलोग्राम खाद्य सामग्री, जिसकी अनुमानित कीमत ₹5350 बताई गई, को नष्ट कराया गया।

अभियान के दौरान खाद्य कारोबारियों के खाद्य पंजीयन एवं लाइसेंस की भी जांच की गई। अधिकारियों ने कारोबारियों को अपने लाइसेंस एवं पंजीयन प्रमाणपत्र प्रदर्शित करने तथा फल एवं सब्जियों को स्वच्छ स्थान पर रखने के निर्देश दिए।

इस मौके पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारीगण एवं मंडी समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट : असलम सलीमी