यूपी मंत्रिमंडल विस्तार : 8 मंत्रियों ने ली शपथ,2 को मिला प्रमोशन



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में रविवार को कुल 8 मंत्रियों ने शपथ ली। राजभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल ने सभी मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे।

कैबिनेट मंत्री के रूप में भूपेंद्र चौधरी और मनोज पांडेय ने शपथ ली। वहीं अजीत सिंह पाल और सोमेंद्र सिंह तोमर को प्रमोशन देते हुए राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार बनाया गया।

इसके अलावा कृष्णा पासवान, कैलाश सिंह राजपूत, सुरेंद्र दिलेर और हंसराज विश्वकर्मा ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण किया।

मंत्रिमंडल विस्तार में कुल 2 कैबिनेट मंत्री, 2 राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार और 4 राज्य मंत्रियों को शामिल किया गया। राजनीतिक जानकार इसे आगामी चुनावों और सामाजिक समीकरणों को साधने की दिशा में बड़ा कदम मान रहे हैं।

शपथ ग्रहण समारोह में सरकार के वरिष्ठ मंत्री,भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और समर्थक मौजूद रहे।