मौसम पूर्वानुमान : उत्तर भारत में आंधी-बारिश के आसार, राजस्थान-गुजरात में हीट वेव की चेतावनी



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

दिल्ली : पहाड़ों पर नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो चुका है, जिसके प्रभाव से अगले तीन से चार दिनों के दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार पंजाब और उत्तरी राजस्थान के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) बनने जा रहा है, जिसके असर से 11 से 13 मई के बीच पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान, दिल्ली तथा उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। कई स्थानों पर आंधी आने की भी संभावना जताई गई है।

पूर्वी बिहार, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में तेज बारिश के आसार हैं, जबकि झारखंड, ओडिशा और गंगेय पश्चिम बंगाल में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।

दक्षिण भारत में केरल और तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है, वहीं श्रीलंका में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

इधर, राजस्थान, गुजरात और पश्चिमी मध्य प्रदेश में अगले एक-दो दिनों में तापमान बढ़ने के कारण कुछ इलाकों में हीट वेव चल सकती है।