सेठ अचल सिंह जयंती समारोह में भाजपा पर बरसे अजय राय,बोले ! “मुझे कोई खरीद कर बता दे”





हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने रविवार को आगरा में आयोजित सम्मान समारोह में सत्ताधारी भाजपा सरकार पर परोक्ष हमला बोलते हुए कहा कि आज लोगों के वजूद को खरीदने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन “मुझ जैसे व्यक्ति को कोई खरीद कर बता दे।” उन्होंने कहा कि समाज को बर्बाद करने वाली ताकतों के खिलाफ कांग्रेस मजबूती से काम करेगी।

माथुर वैश्य महासभा भवन,पचकुइयां में स्वर्गीय सेठ अचल सिंह की 132वीं जयंती पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए अजय राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा विश्वनाथ मंदिर में पूजा कर माहौल बनाने का प्रयास किया,लेकिन वाराणसी की विरासत को नुकसान भी उन्हीं के कार्यकाल में पहुंचा। उन्होंने कहा कि समाज आज भी निस्वार्थ भाव से काम करने वाले लोगों के कारण मजबूती से खड़ा है।

उन्होंने बताया कि अस्वस्थ होने के बावजूद वे समाज के प्रति अपने दायित्व और सहयोग की भावना से कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मदर्स डे का उल्लेख करते हुए मातृ शक्ति की महानता पर भी प्रकाश डाला।

समारोह की अध्यक्षता कर रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने आगरा को देश की राजधानी बनाने की वकालत की। उन्होंने कहा कि दिल्ली प्रदूषण के कारण गैस चैंबर बन चुकी है, इसलिए आगरा को राजधानी बनाने की मांग को पुरजोर तरीके से उठाया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि आगरा का विकास रुका हुआ है और विकास के नाम पर लूट हो रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं से उन्होंने इसके खिलाफ संघर्ष तेज करने का आह्वान किया।

अचल ट्रस्ट के अध्यक्ष शशिभूषण शिरोमणि ने कहा कि वे हिंदू हैं,लेकिन कट्टरपंथी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि देश में नेहरू और गांधी के नाम पर घृणा फैलाने का काम हो रहा है, जिससे बचने की जरूरत है।

कार्यक्रम में उद्यमी एवं समाजसेवी डबी सरीन को वर्ष 2026 के “नैतिक सदाचारी नागरिक” सम्मान से सम्मानित किया गया। अजय राय,उनकी पत्नी सुधा राय और प्रदीप जैन आदित्य ने उन्हें सम्मान पत्र, स्मृति चिन्ह तथा 31 हजार रुपये का चेक भेंट किया।

 इस अवसर पर कांग्रेस नेता भारतभूषण, दिनेश शर्मा, प्रदीप पुरी, रमाशंकर शर्मा और राम टंडन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

समारोह से पूर्व मुख्य अतिथि अजय राय और प्रदीप जैन आदित्य ने स्वर्गीय सेठ अचल सिंह एवं स्वर्गीय निहाल सिंह जैन के चित्रों पर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम में गुरुद्वारा गुरु का ताल के संत हरबंस सिंह, राजीव अग्रवाल, मनोज वोहरा, वीरेंद्र वोहरा और डबी सरीन भी मौजूद रहे। संचालन हरीश सक्सेना ‘चिमटी’ ने किया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार डॉ. गिरजा शंकर शर्मा, समीर चतुर्वेदी, डॉ. मधुरिमा शर्मा और डॉ. विकास जैन ने सेठ अचल सिंह के जीवन पर प्रकाश डाला। कलाकारों ने “वैष्णव जन तो तेने कहिए” भजन और “वंदे मातरम्” की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम की शुरुआत की।

अचल ट्रस्ट के उपमंत्री मनोज वोहरा ने स्वागत भाषण में ट्रस्ट की जनसेवा गतिविधियों की जानकारी दी, जबकि मंत्री राजीव अग्रवाल ने ट्रस्ट की वार्षिक गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि एक लाख रुपये की राशि से शुरू हुआ यह ट्रस्ट आज नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

समारोह में बीडी जैन कन्या इंटर कॉलेज की छात्रा काजल को विज्ञान वर्ग में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि अजय राय और प्रदीप जैन आदित्य ने उसे स्मृति चिन्ह एवं स्कॉलरशिप का चेक प्रदान किया।

रिपोर्ट : असलम सलीमी