हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। राज्यसभा सदस्य नवीन जैन द्वारा शुरू किए गए “राष्ट्र प्रथम अभियान” के अंतर्गत मंगलवार को विशाल “जन संकल्प यात्रा” का आयोजन किया गया। सांसद नवीन जैन अपने आवास से यात्रा प्रारंभ स्थल तक घोड़ा तांगे से पहुंचे। भगवान टॉकीज चौराहे से प्रारंभ होकर संजय प्लेस स्थित शहीद स्मारक तक निकली यात्रा में युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
यात्रा का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्रहित में किए गए आह्वानों को जन-जन तक पहुंचाना तथा नागरिकों को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने के लिए प्रेरित करना रहा। अभियान के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करने, स्वदेशी अपनाने, ईंधन बचत, कारपूलिंग, सार्वजनिक परिवहन के उपयोग तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
हाथों में तिरंगा लिए युवा, महिलाएं एवं सामाजिक संगठनों के लोग पूरे उत्साह के साथ यात्रा में शामिल हुए। यात्रा मार्ग पर विभिन्न व्यापारी संगठनों एवं समाजसेवी संस्थाओं द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। कई स्थानों पर शिकंजी एवं पानी की व्यवस्था भी की गई। बड़ी संख्या में लोग इलेक्ट्रिक वाहनों एवं कारपूलिंग के माध्यम से कार्यक्रम में पहुंचे, जिससे अभियान के पर्यावरण संरक्षण एवं ईंधन बचत के संदेश को भी बल मिला।
इस अवसर पर सांसद नवीन जैन ने कहा कि वर्तमान समय में वैश्विक स्तर पर तेजी से बदलती परिस्थितियों का प्रभाव पूरी दुनिया पर पड़ रहा है। प्रत्येक नागरिक को छोटी-छोटी जिम्मेदारियों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि “राष्ट्र प्रथम” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक भारतीय की भावना है।
कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, विधायक डॉ. जी. एस. धर्मेश, एमएलसी विजय शिवहरे, युवा नेता वैभव जैन, महेश शर्मा, नीतेश शिवहरे, अतुल गर्ग, अमित ग्वाला, नवल तिवारी, रोहित कत्याल, गुरमीत कालरा, अनिल सारस्वत, राहुल जैन, पंकज अग्रवाल, राकेश जैन, मुकेश गुप्ता, डॉ. निर्मला दीक्षित, नेहा गुप्ता, अंजू गर्ग, माधुरी माहौर, दीपिका मित्तल, बबीता पाठक, राधा शर्मा सहित बड़ी संख्या में नागरिक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्ट : असलम सलीमी

