पूर्णिमा पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब,फूल बंगले में विराजमान होकर गिरिराज जी ने दिए दर्शन


हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

गोवर्धन, मथुरा। पुरुषोत्तम मास की पूर्णिमा पर गोवर्धन धाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लाखों भक्तों ने अपने आराध्य गिरिराज महाराज की परिक्रमा कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धा और भक्ति का ऐसा माहौल रहा कि परिक्रमा मार्ग पर पैर रखने तक की जगह नहीं दिखाई दी। वृद्ध, युवा, महिला और पुरुष सभी भक्तिभाव में सराबोर नजर आए।

भक्तों ने प्रातःकाल मानसी गंगा में स्नान कर मुकुट मुखारविंद एवं मानसी गंगा पर गिरिराज महाराज का अभिषेक एवं पूजन किया। इस अवसर पर राधे बाबा गोलोक धाम के पीठाधीश्वर कन्हैया बाबा महाराज के सानिध्य में मंदिर के रिसीवर कपिल चतुर्वेदी ने गुलाब जल, गंगाजल एवं रबड़ी से गिरिराज महाराज का महाअभिषेक किया।

पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। रंग-बिरंगी रोशनी और भव्य सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। भक्तों के लिए प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई।

सायंकाल ठाकुर जी ने रत्नों से सुशोभित पीले रंग की मनोहारी पोशाक धारण कर फूल बंगले में विराजमान होकर भक्तों को दिव्य दर्शन दिए। इस अवसर पर गिरिराज भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया गया। दर्शन एवं छप्पन भोग के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।

मंदिर परिसर में शहनाई वादन एवं भजन-कीर्तन की मधुर धुनों पर श्रद्धालु नृत्य करते नजर आए। सायं आरती के दौरान भारी भीड़ रही। वहीं दानघाटी मंदिर, हर गोकुल मंदिर, राधाकुंड, श्यामकुंड, गोविंदकुंड, सुरभि कुंड और जतीपुरा सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर भी श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर प्रशासन द्वारा सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के व्यापक प्रबंध किए गए, जिससे दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

रिपोर्ट : उत्तम शर्मा