नूतन अग्रवाल ‘ज्योति’ और कुमार ललित को मिला सम्मान-पत्र,साहित्य अकादमी सभागार में हुआ भव्य आयोजन
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। हिमालय विरासत न्यास द्वारा नई दिल्ली स्थित साहित्य अकादमी सभागार में रविवारीय कहानी वार्ता ‘डॉ. निशंक का रचना संसार’ के 150वें संस्करण पूर्ण होने पर भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आगरा की साहित्यकार श्रीमती नूतन अग्रवाल ‘ज्योति’ एवं कुमार ललित को सम्मानित कर शहर का मान बढ़ाया गया।
हिमालय विरासत ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस समारोह में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारत सरकार के पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पुखरियाल निशंक की केदारनाथ आपदा पर आधारित कहानियों पर सारगर्भित समीक्षात्मक वक्तव्य प्रस्तुत करने के लिए दोनों साहित्यकारों को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। साहित्यकार कुमार ललित के दिल्ली न पहुंच पाने के कारण उनका सम्मान-पत्र भी श्रीमती नूतन अग्रवाल ‘ज्योति’ ने ग्रहण किया।
समारोह की अध्यक्षता अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कवि अशोक चक्रधर ने की। इस अवसर पर साहित्य अकादमी के सचिव प्रो. वरुण गुलाटी, इंडिया हैबिटेट सेंटर के निदेशक प्रो. के.जी. सुरेश, प्रो. दर्शन पांडे, अनिल जोशी, डॉ. वेद प्रकाश, डॉ. श्रीनिवासन त्यागी, हिमालय विरासत न्यास के संरक्षक डॉ. बैचेन कांडियाल एवं अध्यक्ष आशना कांडियाल नेगी सहित अनेक साहित्यकार उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से सम्मान-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान किए।
कार्यक्रम में असम से डॉ. कुसुम कुंज मालेकर, रायपुर से डॉ. पूनम संजू, जसवंत नगर से डॉ. शैलेश गुप्ता, डॉ. उषा झा रेनू, अमेरिका से प्रवासी भारतीय साहित्यकार डॉ. मंजू श्रीवास्तव, सिलीगुड़ी से डॉ. कल्पना सिंह, इटावा से डॉ. वी.एन. चतुर्वेदी, दिल्ली से प्रसिद्ध कथाकार नीलिमा शर्मा, डॉ. सुरेश नीरव तथा आगरा से डॉ. शुभदा पांडे सहित देश-विदेश के लगभग 150 साहित्यकार उपस्थित रहे।


