माँ को जीवन संध्या में सेवा की सबसे अधिक जरूरत होती है

धरा चेतना फाउंडेशन के मदर्स डे कार्यक्रम में मातृत्व,संस्कार और संवेदनाओं का संदेश

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। धरा चेतना फाउंडेशन द्वारा दयालबाग स्थित कम्यूनिटी हॉल में मदर्स डे के उपलक्ष्य में भावपूर्ण एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि माता का जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान होता है और वृद्धावस्था में उन्हें अपने बच्चों के भावनात्मक एवं शारीरिक सहारे की सबसे अधिक आवश्यकता होती है। मां की सेवा करके ही जीवन को सार्थक बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम की विशेष पहल के अंतर्गत समय की महत्ता और अनुशासन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सबसे पहले पहुंचने वाली चार महिलाओं से दीप प्रज्ज्वलन कराया गया। इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की।

कार्यक्रम में शहर के सम्मानित शिक्षकों लीना लेजर, हर्षित, वर्षा मैम, आभा मेहरा और वत्सला प्रभाकर ने गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।

 हर्षित ने मां को समर्पित भावपूर्ण गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भावुक बना दिया। धरा चेतना फाउंडेशन के विद्यार्थियों ने भी रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कृति ने मां पर कविता पाठ एवं मधुर गीत प्रस्तुत किया, जबकि सूर्यांशी ने गिटार प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। नन्हीं अनिका ने भी अपनी सुरीली आवाज में गीत प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।

कार्यक्रम में महिलाओं ने मातृत्व, पारिवारिक संस्कारों और विद्यार्थियों की जीवनशैली पर अपने विचार व्यक्त किए। श्रुति ने कहा कि उनकी पुत्रवधू के साथ उनके संबंध मां-बेटी जैसे हैं। विशिष्ट अतिथि डॉ.नवीन गुप्ता ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में वर्तमान समय में माताओं की भूमिका, बच्चों के जीवन में उनके महत्व और उनकी अद्भुत शक्ति पर प्रकाश डाला।

विद्यार्थियों अन्या अग्रवाल, अन्वी अग्रवाल, अनय एवं आहाना सहित अन्य बच्चों ने भी शानदार प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं संयोजन फेलिक्स मसीही के निर्देशन में अक्षय प्रताप सिंह एवं गति सिंह द्वारा किया गया।

इस अवसर पर डॉ. महेश धाकड़, श्याम कपूर, बरखा सिंह, नरेश कुमार तन्हा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मदर्स डे का यह आयोजन प्रेम, संवेदना, संस्कृति और मातृत्व के सम्मान का सुंदर उत्सव बन गया।