ताज की खूबसूरती पर फिदा हुईं टिफनी ट्रंप,डायना बेंच पर पति माइकल संग खिंचवाईं यादगार तस्वीरें
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की बेटी टिफनी ट्रम्प,शनिवार को अपने पति Michael Boulos के साथ निजी दौरे पर आगरा पहुंचीं। तय कार्यक्रम में अंतिम समय पर बदलाव करते हुए उन्होंने होटल जाने के बजाय एयरपोर्ट से सीधे ताजमहल का रुख किया और करीब एक घंटे तक विश्व धरोहर स्मारक की भव्यता को निहारा।
सुबह खेरिया हवाई अड्डे पर चार्टर्ड विमान से पहुंचने के बाद उनका काफिला सीधे ताजमहल परिसर पहुंचा। गोल्फ कार्ट के जरिए स्मारक तक पहुंचीं टिफनी ने हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन किया। उनके साथ भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर भी मौजूद रहे।
ताजमहल की अद्भुत वास्तुकला, संगमरमर की नक्काशी और जड़ाऊ कारीगरी ने टिफनी को खासा प्रभावित किया। उन्होंने अधिकृत गाइड से स्मारक के निर्माण, संगमरमर के स्रोत और कीमती पत्थरों के उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी ली। गाइड ने बताया कि ताजमहल में प्रयुक्त संगमरमर भारत से लाया गया था, जबकि जड़ाऊ नक्काशी में इस्तेमाल कई बहुमूल्य पत्थर अफ्रीका, यमन सहित विभिन्न देशों से मंगाए गए थे। यह जानकारी सुनकर टिफनी ने स्मारक की कलात्मकता की सराहना की।
भ्रमण के दौरान टिफनी और माइकल प्रसिद्ध डायना बेंच तक पहुंचे, जहां दोनों ने हाथों में हाथ डालकर कई यादगार तस्वीरें खिंचवाईं। पर्यटकों के बीच उनकी मौजूदगी आकर्षण का केंद्र बनी रही। टिफनी नारंगी रंग की लंबी ड्रेस में नजर आईं, जबकि माइकल कैजुअल परिधान में दिखाई दिए।
ताजमहल भ्रमण के बाद दोनों आगरा के प्रसिद्ध The Oberoi Amarvilas पहुंचे, जहां उन्होंने कुछ समय विश्राम किया। इसके बाद वे राजस्थान के जैसलमेर के लिए रवाना हो गए। उनका यह दौरा पूरी तरह निजी बताया जा रहा है, लेकिन उनकी मौजूदगी ने आगरा में पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच खास उत्सुकता पैदा कर दी।
रिपोर्ट : असलम सलीमी

