दूसरे दिन 5 चैन माउंटेन, 5 हाइवा, 5 ट्रैक्टर और 1 टीपर जब्त
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
कोरबा (छत्तीसगढ़)। जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के दूसरे दिन भी बड़ी कार्रवाई की गई। कलेक्टर के निर्देश एवं उप संचालक खनि प्रशासन के मार्गदर्शन में संचालित अभियान के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में छापेमार कार्रवाई करते हुए 5 चैन माउंटेन, 5 हाइवा, 5 ट्रैक्टर और 1 टीपर वाहन जब्त किए गए।
खनिज विभाग की टीम ने बरमपुर में अवैध रेत परिवहन करते एक ट्रैक्टर को पकड़ा, जबकि सर्वमंगला चौकी क्षेत्र में गिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे दो हाइवा जब्त कर चौकी अभिरक्षा में रखे गए। राताखार में मिट्टी का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर एक टीपर वाहन को भी जब्त किया गया।
जरहा जेल बरमपुर क्षेत्र में बिना वैधानिक अनुमति बसाहट समतलीकरण के लिए मिट्टी उत्खनन किए जाने पर मौके से चार चैन माउंटेन मशीनों को सील कर जब्त किया गया। गेवरा बस्ती में मुरुम का अवैध परिवहन करते दो ट्रैक्टर पकड़े गए, जिन्हें कुसमुंडा थाना अभिरक्षा में रखा गया है।
इसी तरह नरईबोध क्षेत्र में ईंट भट्ठे से ईंटों का अवैध परिवहन करते एक ट्रैक्टर को जब्त किया गया। इंदलभाटा तरदा में मिट्टी का अवैध परिवहन करते एक ट्रैक्टर पर कार्रवाई हुई। वहीं उरगा क्षेत्र में मिट्टी के अवैध उत्खनन और परिवहन में संलिप्त एक चैन माउंटेन और तीन हाइवा को सील कर दिया गया।
खनिज विभाग के अनुसार जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा राजस्व हानि रोकने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अवैध उत्खनन एवं परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों एवं वैधानिक प्रावधानों के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।




