अमेरिका में गूँजा ‘हेलमेट लगाओ,जीवन बचाओ’ का संदेश,आगरा के गोयल दंपति सम्मानित

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। शहर के प्रमुख समाजसेवी एवं पार्षद मुरारीलाल गोयल पेंट वाले तथा उनकी धर्मपत्नी सुमन गोयल को न्यूयॉर्क (अमेरिका) में सामाजिक सेवा कार्यों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया।

गोयल दंपति 12 से 17 मई तक अमेरिका के न्यूयॉर्क में कंसाई नैरोलैक पेंट द्वारा आयोजित छह दिवसीय इंटरनेशनल सेमिनार में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान कंसाई नैरोलैक पेंट के इंटरनेशनल मैनेजिंग डायरेक्टर प्रवीण डी. चौधरी, सीनियर वाइस प्रेसिडेंट राम मल्होत्रा, वाइस प्रेसिडेंट राम नाईक और जनरल मैनेजर एस. मदान ने उन्हें ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

मुरारीलाल गोयल विभिन्न सामाजिक एवं औद्योगिक संगठनों से जुड़कर लंबे समय से सेवा कार्य कर रहे हैं। वे सेवा आगरा, विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट, अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, नेशनल चैंबर और अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के माध्यम से जरूरतमंदों और वंचितों के हित में लगातार कार्य कर रहे हैं।

सेमिनार में भारत सहित विभिन्न देशों से आए 111 शीर्ष पेंट व्यापारियों को संबोधित करते हुए मुरारीलाल गोयल ने ‘हेलमेट लगाओ, जीवन बचाओ’ और ‘बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ’ का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यापारी को अपनी आय का कुछ हिस्सा समाज सेवा, जरूरतमंदों की मदद और जनहित के कार्यों में लगाना चाहिए।