समाज में एकता के संकल्प के साथ महाराणा प्रताप जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा



उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने किया शुभारंभ, सैकड़ों लोगों ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। क्षत्रिय समाज द्वारा महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर रविवार को भव्य शोभायात्रा धूमधाम और उत्साह के साथ निकाली गई। सिर पर भगवा पगड़ी और हाथों में भगवा ध्वज लिए समाज के लोगों ने एकता, भाईचारे और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। शोभायात्रा का शुभारंभ अवधपुरी तिराहे से उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने महाराणा प्रताप की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं झंडी दिखाकर किया।

शोभायात्रा में महाराणा प्रताप की वीरता को दर्शाती आकर्षक झांकियां एवं हाथों में तिरंगा लिए भारत माता की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। झांकियों के माध्यम से देश की अखंडता, त्याग और भाईचारे का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने महाराणा प्रताप की वीर गाथाओं का स्मरण करते हुए समाज के सभी वर्गों को प्रेम, सहयोग और सौहार्द के साथ मिलकर रहने का संदेश दिया। उन्होंने शोभायात्रा में पैदल चलकर वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप को नमन किया। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।

शोभायात्रा अवधपुरी तिराहे से प्रारंभ होकर मारुति एस्टेट, बोदला चौराहा, सेक्टर-4 और सेंट्रल पार्क क्षेत्र से होती हुई वर्मा डेयरी पर पहुंचकर संपन्न हुई। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर मुख्य रूप से भाजपा नेता डॉ. अलौकिक उपाध्याय, ठाकुर शिवम चौहान, ठाकुर उज्जवल चौहान, ठाकुर प्रमोद चौहान, ठाकुर दीपक चौधरी, ठाकुर हैप्पी तोमर, ठाकुर अरुण तोमर, धर्मेन्द्र चौधरी, ठाकुर रवि चौहान, ललित शर्मा, दीप विनायक, विनायक, कान्हा राठौर, धीरज जैन, निशू कपूर और प्रेम सिंह धाकड़ सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।