समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास,नेत्रदान के लिए किया प्रेरित
हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। समाजसेवी एवं फिल्म निर्देशक सूरज तिवारी द्वारा निर्मित डाक्यूमेंट्री फिल्म “नेत्रदान” (कॉर्निया डोनेशन) का भव्य प्रीव्यू शो आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान गणपति के वंदन के साथ हुआ, जिसके बाद फिल्म का प्रदर्शन किया गया। फिल्म को दर्शकों ने खूब सराहा और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच फिल्म की विषयवस्तु की प्रशंसा की गई।
डाक्यूमेंट्री में नेत्रदान की पूरी प्रक्रिया को सरल भाषा और सहज तरीके से प्रस्तुत किया गया है। फिल्म के माध्यम से बताया गया कि नेत्रदान से न तो चेहरे की बनावट प्रभावित होती है और न ही अंतिम संस्कार में किसी प्रकार की कठिनाई आती है। इसमें यह भी स्पष्ट किया गया कि पूरी आंख नहीं निकाली जाती, बल्कि केवल कॉर्निया लिया जाता है। फिल्म का उद्देश्य समाज में नेत्रदान को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करना है।
फिल्म का लेखन एवं निर्देशन सूरज तिवारी ने किया है। कैमरा वर्क कमाल लोखंडवाला और सुनील राज ने संभाला, जबकि अभिनय ब्रज के रवी परिहार, ज्योति आदि कलाकारों ने किया। पोस्ट प्रोडक्शन अंशु कुशवाह सिनेमाफाई द्वारा किया गया। प्रोडक्शन हेड डॉ. राहत जहां खानम रहीं तथा प्रोडक्शन टीम में पंकज शर्मा, बॉबी, विजय सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। कार्यक्रम में सभी कलाकारों और टीम सदस्यों को सम्मानित किया गया।
फिल्म में समाज के विभिन्न प्रभावशाली व्यक्तित्वों के इंटरव्यू भी शामिल किए गए हैं। इनमें सांसद प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, विधायक योगेंद्र उपाध्याय, एमएलसी विजय शिवहरे, सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव, एसएन मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता, समाजसेवी सतीश अरोड़ा, प्रमुख समाज सेवी/उद्यमी पूरन डावर, प्रशांत ए. सागर, डॉ. अरुण शर्मा, समाजसेविका ज़ीनत ज़ीशान, डॉ. अशोक पचौरी, डॉ. नरेंद्र मल्होत्रा, जी.पी. अग्रवाल और पी.एल.शर्मा सहित अन्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए हैं।
कार्यक्रम में विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ सतीश अरोड़ा, डॉ. रजनीश त्यागी, प्रशांत ए. सागर, ज़ीनत ज़ीशान, रणजीत समा एवं सूरज तिवारी मंचासीन रहे। इस अवसर पर फिल्म के पोस्टर का विमोचन भी किया गया तथा अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उन परिवारों की भी विशेष उपस्थिति रही जिन्होंने अपने परिजनों के नेत्रदान किए थे। इनमें मनीष बंसल परिवार, गिर्राज किशोर सिंघल परिवार, जवाहर लाल अग्रवाल परिवार एवं जावेद हाशमी सहित अन्य लोग शामिल रहे। सभी को पटका पहनाकर एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन रीनेश मित्तल ने प्रभावशाली एवं सहज शैली में किया। संचालन के लिए उन्हें भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पूनम अरोड़ा, रीमा अरोड़ा, पू.जिलाध्यक्ष भाजपा जितेंद्र फौजदार, राकेश अवस्थी, अदिति कात्यानी, पल्लवी महाजन, अंशिका सक्सेना, पी.एस. गीत, किरण अनेजा, अनामिका मिश्रा, वंदना तिवारी, धनंजय सिंह, प्रशांत रस्तोगी, संतोष सिकरवार, नीरज अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समाजसेवी मधुकर अरोड़ा ने कार्यक्रम में नेत्रदान की शपथ लेते हुए कहा कि फिल्म देखकर वे नेत्रदान के लिए प्रेरित हुए हैं। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने कहा कि कलयुग में नेत्रदान से बड़ा कोई दान नहीं है और लोगों को मृत्यु से पूर्व नेत्रदान के लिए पंजीकरण अवश्य कराना चाहिए, ताकि किसी की दुनिया रोशन हो सके।
फिल्म के लेखक एवं निर्देशक सूरज तिवारी ने कहा कि समाज से जुड़े विषयों पर लगातार कार्य करने से लोगों में जागरूकता बढ़ती है और सामाजिक भ्रांतियां दूर होती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म निर्माण में किसी प्रकार की सरकारी सहायता या राजनीतिक सहयोग प्राप्त नहीं हुआ, बावजूद इसके समाजहित में इस प्रयास को पूरा किया गया।



