251 कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का शुभारंभ




हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। पंचेश्वर महादेव मंदिर, कालिंदीपुरम कॉलोनी, मऊ रोड, खंदारी बायपास चौराहा में सोमवार को 251 कलशों की भव्य शोभायात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा महोत्सव का शुभारंभ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और जयघोषों के बीच निकली कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।

कलश यात्रा मंदिर परिसर से विधिवत पूजन-अर्चन के बाद प्रारंभ हुई। सिर पर मंगल कलश धारण किए महिलाओं एवं युवतियों की लंबी कतारें आकर्षण का केंद्र रहीं। श्रद्धालु भगवान शिव, राधे-कृष्ण एवं श्रीमद्भागवत महापुराण के जयघोष करते हुए क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होकर पुनः मंदिर परिसर पहुंचे।

इसके उपरांत कथा व्यास श्रीधाम वृंदावन के अनंत श्री विभूषित स्वामी रामप्रपन्नाचार्य जी महाराज के सान्निध्य में गणेश पूजन एवं कलश स्थापना के साथ कथा महोत्सव का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कलश भारतीय संस्कृति में मंगल, पवित्रता और दिव्य चेतना का प्रतीक है तथा इसमें देवशक्तियों का वास माना गया है। कलश स्थापना से धार्मिक अनुष्ठान सफल एवं फलदायी बनते हैं।

स्वामी रामप्रपन्नाचार्य जी महाराज ने कहा कि श्रीमद्भागवत महापुराण भगवान श्रीकृष्ण की साक्षात् वाङ्मयी मूर्ति है। भागवत कथा का श्रवण मनुष्य के जीवन में भक्ति, ज्ञान और वैराग्य का संचार करता है। उन्होंने कहा कि कलियुग में श्रीमद्भागवत कथा ईश्वर की कृपा प्राप्त करने का सबसे सरल और श्रेष्ठ साधन है।

मुख्य यजमान मनीष अग्रवाल एवं शिवानी अग्रवाल ने श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि भागवत कथा मानव जीवन को सद्मार्ग की ओर प्रेरित करने वाली दिव्य ज्ञानगंगा है। आयोजन समिति के जगदीश प्रसाद लवानिया ने बताया कि कथा महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन सायं 4 बजे से 7 बजे तक विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा।

कार्यक्रम में पंकज अग्रवाल, नीलू अग्रवाल, सरोज बाला अग्रवाल, जगमोहन गौतम, नानक चंद मिश्रा, कैलाश गौतम, जेपी शर्मा, शैलेंद्र सिंह, धर्मेंद्र प्रताप सिंह, संजीव सिंह, निशांत सिंह कन्नू पार्षद, क्षेत्रपाल सिंह, यश कुमार दुबे, प्रीति मिश्रा, भू देवी राजपूत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।