हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। मरीजों की सेवा एवं उपचार सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी को पांच बायपेप (BiPAP) मशीनें दान स्वरूप प्राप्त हुई हैं। इन मशीनों के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को बेहतर चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।
तारघर निवासी श्रीमती आशा गोयल एवं उनके पुत्र नितिन गोयल ने अपने स्वर्गीय पिता प्रभात गोयल की स्मृति में तीन बायपेप मशीनें दान कीं। वहीं कारगिल पेट्रोल पंप के समीप निवास करने वाली उमा देवी अग्रवाल ने अपने स्वर्गीय पति राधारमण अग्रवाल (लोहामंडी वाले) की स्मृति में दो बायपेप मशीनें भेंट कीं।
रविवार को दानदाता परिवारों ने ताजगंज स्थित विद्युत शवदाहगृह परिसर में संचालित श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी के अस्थायी कार्यालय पहुंचकर उक्त मशीनें कमेटी के अध्यक्ष अनिल जिंदल एवं महासचिव राजीव अग्रवाल को सौंपीं। इस अवसर पर कमेटी पदाधिकारियों ने दानदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके इस सेवाभावी कार्य की सराहना की।
मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गोयल ने बताया कि इससे पूर्व कमेटी के पास केवल एक बायपेप मशीन उपलब्ध थी, जिसके कारण कई बार जरूरतमंद मरीजों को असुविधा का सामना करना पड़ता था। अब पांच नई मशीनें उपलब्ध होने से मरीजों को यह सुविधा अधिक सुगमता एवं समयबद्ध तरीके से प्रदान की जा सकेगी।
इस अवसर पर दानदाता परिवारों के अलावा कमेटी के विष्णु गर्ग, ताराचंद गोयल, राकेश कुमार अग्रवाल, संजीव गुप्ता, राकेश गर्ग, मनोज शर्मा, विपिन जिंदल, किशन कुमार अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

