हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। श्रवण गंगा सेवा समिति के तत्वावधान में प्रत्येक पूर्णिमा पर आयोजित होने वाली गंगा यात्रा श्रृंखला के अंतर्गत रविवार को 51वीं श्रवण गंगा यात्रा का भव्य शुभारंभ श्री मनःकामेश्वर मंदिर, रावतपाड़ा से हुआ। इस अवसर पर 101 बसों और 50 कारों के माध्यम से हजारों श्रद्धालु तीर्थराज सोरों जी गंगा घाट के लिए रवाना हुए।
यात्रा के शुभारंभ से पूर्व मंदिर परिसर में हनुमान चालीसा एवं सुंदरकाण्ड पाठ का आयोजन किया गया। प्रभु श्रीराम और माँ गंगा के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक गंगा यात्रा का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री मनःकामेश्वर नाथ मठ मंदिर के महंत योगेश पुरी महाराज ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया। विशिष्ट अतिथियों में भाजपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता माधवी अग्रवाल, सिकंदराराऊ के पूर्व विधायक सुरेश प्रताप गांधी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रामवीर भैया तथा सुधीर यादव मौजूद रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में सेवा, श्रद्धा और धर्म आधारित इस अभियान की सराहना करते हुए श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन किया।
समिति के अध्यक्ष सूर्य प्रताप सिंह ने कहा कि यात्रा की सफलता में कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवकों और सहयोगियों का समर्पण एवं सेवा भाव महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उनके अथक प्रयासों से हजारों श्रद्धालुओं को गंगा स्नान एवं धर्म लाभ प्राप्त हो रहा है।
उन्होंने भीषण गर्मी के बावजूद यात्रा में शामिल हुए श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहयोग और विश्वास ही समिति की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने सभी सहयोगियों को धन्यवाद देते हुए माँ गंगा से श्रद्धालुओं के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की तथा विश्वास जताया कि यह सेवा अभियान भविष्य में भी समाजहित में निरंतर जारी रहेगा।




