हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा, 7 जून,पंजाबी विरासत परिवार,आगरा द्वारा होटल पूनम प्लाजा में आयोजित सम्मान समारोह में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 55 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र,मेडल एवं विशेष उपहार प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
समारोह में आगरा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को वरिष्ठ समाजसेवी एवं उद्योगपति सतपाल सिंह बत्रा ने अपने स्वर्गीय माता-पिता की स्मृति में विशेष उपहार भेंट किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्र.समाजसेवी/पंजाबी विरासत परिवार के अध्यक्ष पूरन डावर ने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास का आधार है तथा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना सभी का दायित्व है। कार्यकारी अध्यक्ष अनिल वर्मा और महामंत्री बंटी ग्रोवर ने भी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
सतीश अरोरा एवं प्रभात कृष्ण अरोरा चैरिटेबल सोसाइटी के सहयोग से आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. गिरधर शर्मा तथा संत बाबा प्रीतम सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों, समाज के वरिष्ठजनों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की और इस पहल की सराहना की। समारोह का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य तथा शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।
रिपोर्ट : असलम सलीमी


