हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। सामाजिक संस्था हेल्प आगरा के एम्बुलेंस बेड़े में सोमवार को एक और अत्याधुनिक ईको एम्बुलेंस शामिल हो गई। यह एम्बुलेंस बी.पी. ऑयल मिल लिमिटेड परिवार द्वारा अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योजना के तहत मरीजों की सेवा के लिए दान की गई है।
मोती कटरा स्थित हेल्प भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दानदाता परिवार ने एम्बुलेंस की चाबी संस्था के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन को सौंपकर सेवा कार्यों में सहयोग दिया। नई एम्बुलेंस के शामिल होने के बाद हेल्प आगरा के बेड़े में एम्बुलेंसों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है।
इस अवसर पर अध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने दानदाता परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई एम्बुलेंस के जुड़ने से जरूरतमंद मरीजों तक त्वरित और बेहतर चिकित्सा सहायता पहुंचाने में सुविधा होगी। उन्होंने आशा जताई कि यह वाहन आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों के लिए जीवनरक्षक साबित होगा।
कार्यक्रम में दानदाता परिवार की ओर से मैनेजिंग डायरेक्टर भरत भगत, डायरेक्टर अनिरुद्ध भगत, अध्यक्ष राघव भगत, सीटीओ उद्धव भगत, श्रीमती रेनू भगत एवं कुमारी तिसिया भगत उपस्थित रहीं। वहीं हेल्प आगरा की ओर से विशेष बंसल, नितिन अग्रवाल, मनीष गर्ग, अनिल अग्रवाल, अनिल जैन, सौरभ जैन, नंदकिशोर गोयल एवं जगवीर सिंह समेत अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
नई एम्बुलेंस के शुभारंभ पर सभी ने संस्था की जनसेवा गतिविधियों की सराहना करते हुए भविष्य में भी सहयोग का भरोसा जताया।
रिपोर्ट : असलम सलीमी

