विश्व पर्यावरण दिवस पर आगरा जनपद में चला वृहद पौधरोपण अभियान

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश,"एक पेड़ माँ के नाम" अभियान को मिला जनसमर्थन

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद आगरा में विभिन्न स्थानों पर व्यापक पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं सामाजिक संगठनों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

फतेहाबाद ब्लॉक परिसर में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर ने वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से प्लास्टिक शवयात्रा भी निकाली गई। इस अनूठी पहल के माध्यम से लोगों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसके संरक्षण का संकल्प भी लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान प्रकृति और मातृ सम्मान दोनों के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग त्यागकर स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री रामसकल गुर्जर, पूर्व विधायक जितेंद्र वर्मा, नितिन वर्मा, राजेश कुशवाहा, मंडल अध्यक्ष योगेश चौहान, नगर अध्यक्ष अंकित गुप्ता, उपजिलाधिकारी स्वाति सिंह, खंड विकास अधिकारी रजत कुशवाहा, सचिन गोयल, निक्की पाराशर, नितिन गुप्ता, वीरू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

इसी क्रम में ताजमहल के पूर्वी द्वार स्थित ताज नेचर वॉक में "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आगरा छावनी के विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश तथा मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

वहीं, राजकीय उद्यान पालीवाल पार्क में आगरा उत्तर के विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने उद्यान विकास समिति के सदस्यों एवं अन्य गणमान्य नागरिकों के साथ पौधरोपण किया। इस अवसर पर उद्यान विभाग द्वारा अपने स्वर्णिम 50 वर्ष पूर्ण होने पर प्रकाशित कॉफी टेबल बुक एवं देशी प्रजातियों के पौधे विधायक को भेंट किए गए।

फतेहपुर सीकरी में विधायक चौधरी बाबूलाल ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया। वहीं विधायक रानी पक्षालिका सिंह ने "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान तथा मंगल वाटिका परिसर में पौधरोपण कर हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प दोहराया।

विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और प्लास्टिक मुक्त समाज के निर्माण के प्रति जनभागीदारी को नई ऊर्जा प्रदान की।

रिपोर्ट : असलम सलीमी