रसीले फलों से सजे फूल बंगले में बिराजे श्रीठाकुर मथुराधीश जी महाराज



प्राचीन पुष्टिमार्गीय श्रीठाकुर मथुराधीश जी महाराज के मंदिर में पुरुषोत्तम मास के दौरान आज हुआ फलवन मनोरथ का आयोजन

हिन्दुस्तान वार्ता।ब्यूरो

आगरा। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर शहर के प्राचीन एवं प्रसिद्ध मधुराधीश जी मंदिर में चल रहे धार्मिक आयोजनों के अंतर्गत शुक्रवार को भव्य फलवन मनोरथ उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे पुष्पों, फलों और आकर्षक रोशनी से अलंकृत किया गया,जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा।

उत्सव के दौरान ठाकुर श्री मधुराधीश जी महाराज का विशेष श्रृंगार मौसमी फलों से किया गया। आम, सेब, अनार, लीची, आडू, केला, नारियल तथा विभिन्न प्रकार के फलों से सुसज्जित झांकी ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। मंदिर में दर्शन के लिए सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। दूर-दूर से आए वैष्णव श्रद्धालुओं ने ठाकुरजी के दिव्य स्वरूप के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। फलवन मनोरथ के अवसर पर मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार, कीर्तन एवं भजन संध्या का आयोजन भी किया गया। कथा वाचक इन्द्रेश जी भी मथुराधीश के दर्शन करने पहुंचे।

भक्तों ने श्रीकृष्ण गोविंद हरे मुरारी  और अन्य भजनों का सामूहिक गायन कर वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। मंदिर के सेवायतों ने श्रद्धालुओं को पुरुषोत्तम मास के महत्व की जानकारी देते हुए भगवान की भक्ति और सेवा का संदेश दिया। आरती के पश्चात बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। 

इस अवसर पर मुख्य रूप से सतीश शाह, निलेश शाह, भावेश शाह, जिग्नेश शाह, देवेश शाह, अंकित शाह, सरला शाह, भारती शाह, उषा शाह, रीटा शाह, उत्तरी विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, के॰एल दीक्षित,अलौकिक शर्मा, सन्तु गोस्वामी आदि उपस्थित थे।