श्रीहरि के जयकारों के बीच सम्पन्न हुई गोवर्धन पूजा,पंचामृत से हुआ अभिषेक



पुरुषोत्तम मास में श्रीजगन्नाथ मंदिर में सजा फूल बंगला,अन्नकूट भोग के साथ हुआ भव्य आयोजन

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर में गोवर्धन पूजा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ सम्पन्न हुई। अशोक एवं आम के पत्तों के साथ बेला और मोगरा के सुगंधित पुष्पों से सजे मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच गोवर्धन शिला का पंचामृत से अभिषेक किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर भगवान श्रीहरि और गोवर्धन महाराज के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

मंदिर अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने बताया कि गोवर्धन पूजा भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत धारण कर ब्रजवासियों की रक्षा करने की स्मृति में मनाई जाती है। पुरुषोत्तम मास में आयोजित इस विशेष पूजा का धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्व है तथा अन्नकूट भोग को विशेष पुण्यदायी माना गया है।

कार्यक्रम का शुभारम्भ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गोवर्धन शिला के विधिवत पूजन एवं अभिषेक से हुआ। दुग्ध, दही, घृत, शहद और गंगाजल से तैयार पंचामृत से अभिषेक कर विशेष आराधना की गई। इसके उपरांत भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं सुभद्रा महारानी का आकर्षक श्रृंगार किया गया। मंदिर में सजे फूल बंगले की मनोहारी छटा ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

दिनभर चले धार्मिक अनुष्ठानों, हरिनाम संकीर्तन और भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालु "राधे-श्याम" तथा "हरे कृष्ण, हरे राम" के जयघोष के साथ भक्ति रस में सराबोर दिखाई दिए। भगवान को विभिन्न प्रकार के व्यंजनों से सुसज्जित अन्नकूट भोग अर्पित किया गया तथा उपस्थित श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।

इस अवसर पर कान्ता प्रसाद अग्रवाल, नितेश अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, शैलेन्द्र अग्रवाल, संजीव बंसल, संजीव मित्तल, राजेश उपाध्याय, अदिति गौरांगी, ओमप्रकाश अग्रवाल, आशु मित्तल, शाश्वत नन्दलाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।