हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर रविवार को क्रीड़ा भारती के तत्वावधान में प्रयास फाउंडेशन आगरा द्वारा बल्केश्वर महादेव मंदिर से साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
बल्केश्वर महादेव मंदिर परिसर से प्रारंभ हुई साइकिल रैली को मंदिर के महंत अर्चित पांड्या ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के श्याम बिहारी गुप्ता एवं राजेश कुलश्रेष्ठ, क्रीड़ा भारती के वी.के. मित्तल और गिर्राज बंसल तथा प्रयास फाउंडेशन आगरा के आनंद गुप्ता, रिंकू गर्ग, रवि गुप्ता, अतुल, अंकुर, अनिल, आशीष, अमित, अर्पण और टिंचू अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रयास फाउंडेशन के मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गोयल ने बताया कि आधुनिक जीवनशैली में स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना अत्यंत आवश्यक है। नियमित शारीरिक गतिविधियां, विशेष रूप से साइकिल चलाना, व्यक्ति को स्वस्थ रखने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा समय-समय पर ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर समाज को स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रेरित किया जाता है।
रैली के दौरान प्रतिभागियों ने रक्तदान के महत्व का संदेश देते हुए अधिक से अधिक लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील भी की।


