ताज क्षेत्र में वनावरण बढ़ाने के लिए किसानों को करना होगा प्रोत्साहित



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पर्यावरण मित्र के.सी. जैन तथा प्रमुख समाजसेवी/उद्यमी पूरन डावर ने मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप से भेंट कर ताज ट्रेपेजियम क्षेत्र (टीटीजेड) में वनावरण वृद्धि और औद्योगिक विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।

एडवोकेट के.सी.जैन ने कहा कि टीटीजेड में किसान और निजी भूमि स्वामी वृक्षारोपण करने से बच रहे हैं। उन्होंने बताया कि भविष्य में पेड़ों के कटान के लिए जटिल अनुमति प्रक्रिया और एक पेड़ काटने पर दस पेड़ लगाने जैसी शर्तों के कारण लोग वृक्ष लगाने के प्रति उत्साहित नहीं हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि वृक्षारोपण को बढ़ावा देने के लिए प्रक्रियाओं को सरल बनाया जाए तथा किसानों को प्रोत्साहन दिया जाए।

वहीं उद्योगपति पूरन डावर ने मंडलायुक्त को अवगत कराया कि लगभग 10,400 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैले ताज ट्रेपेजियम क्षेत्र में औद्योगिक विकास प्रभावित हो रहा है। नए विद्युत कनेक्शन प्राप्त करने और उद्योगों में विद्युत भार (लोड) बढ़ाने में आ रही कठिनाइयों के कारण नए उद्योग स्थापित नहीं हो पा रहे हैं। इससे रोजगार और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

मंडलायुक्त नागेंद्र प्रताप ने दोनों पक्षों द्वारा रखे गए सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि संबंधित विभागों के साथ विचार-विमर्श कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

बैठक में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ताज क्षेत्र में किसानों और नागरिकों को बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने हेतु विशेष अभियान चलाने का भी सुझाव दिया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक विकास को एक साथ बढ़ावा मिल सके।

रिपोर्ट : असलम सलीमी