हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार चल रहे "व्यापारी संवाद कार्यक्रम" के अंतर्गत बुधवार को नेशनल चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स हॉल,जीवनी मंडी में राज्य कर विभाग और सर्राफा व्यापारियों के बीच संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों तथा सर्राफा संगठनों के पदाधिकारियों ने व्यापारिक समस्याओं एवं उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की।
अपर आयुक्त अंजनी अग्रवाल ने कहा कि सरकार व्यापारियों के साथ विश्वास का वातावरण बनाकर व्यापार सुगमता और कर संग्रह को बढ़ावा देना चाहती है। संयुक्त आयुक्त ए.के. सिंह ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि उनकी सभी समस्याओं एवं सुझावों को सक्षम स्तर तक पहुंचाकर समाधान का प्रयास किया जाएगा।
संवाद के दौरान आगरा सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने सर्राफा व्यापार पर जीएसटी की वर्तमान 3 प्रतिशत दर को घटाकर 1 प्रतिशत करने, पर्याप्त इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) होने पर अतिरिक्त कैश टैक्स न लेने तथा ऑनलाइन बिलिंग की सीमा 5 करोड़ से बढ़ाकर 10 करोड़ रुपये करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि सोने-चांदी की कीमतों में हुई भारी वृद्धि के कारण व्यापारियों पर कर भार बढ़ा है।
आगरा सर्राफा मैन्युफैक्चर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बृजमोहन अग्रवाल ने पुराने बिलों पर खरीदे गए सोना-चांदी को परचेज टैक्स से छूट देने तथा व्यापारियों के लिए पेंशन जैसी व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई। वहीं महामंत्री देवेन्द्र गोयल ने बैंक सीसी लिमिट और बैंकिंग दबाव से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों ने जीएसटी पंजीकरण, रिटर्न फाइलिंग, समाधान योजना और अन्य नवीन व्यवस्थाओं की जानकारी दी तथा व्यापारियों के प्रश्नों का समाधान किया। व्यापारियों ने विभाग की पहल की सराहना करते हुए इसे समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक कदम बताया।
कार्यक्रम में विमल फतेहपुरिया उपाध्यक्ष, मनोज कुमार शर्मा, धर्मेन्द्र, बृजेश गुप्ता, पवन दौनेरिया, हरेन्द्र कुमार वर्मा आदि व्यापारियों ने विभाग की इस पहल की सराहना की और अपनी समस्याओं एवं सुझावों को अधिकारियों के समक्ष रखा।
इस अवसर पर आगरा श्री सर्राफा कमेटी के अध्यक्ष धनकुमार जैन ने सभी अधिकारियों एवं व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग और व्यापारियों के बीच इस प्रकार का सीधा संवाद समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम में आगरा सर्राफा कमेटी के महामंत्री मनोज गुप्ता, महामंत्री बृजमोहन रेपुरिया,आगरा स्वर्णकार कमेटी के अध्यक्ष धीरज वर्मा, किनारी बाजार एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश गर्ग, मुन्नालाल शिवहरे, मयंक जैन, मनीष पैरोलिया, प्यारे लाल खंडेलवाल आदिव्यापारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से राज्य कर अधिकारी चन्द्रशेखर एवं कपिल देव भी उपस्थित रहे।

