हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर प्राचीन पुष्टिमार्गीय श्रीठाकुर मथुराधीश जी महाराज मंदिर में छोटी दीपावली उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा, सतरंगी पुष्पों तथा दीपों की पंक्तियों से सजाया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण दिव्य और अलौकिक दिखाई दिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण एवं श्रीमथुराधीश जी के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
उत्सव का शुभारंभ प्रातःकालीन मंगल आरती के साथ हुआ। इसके उपरांत श्रीमथुराधीश जी का विशेष श्रृंगार किया गया। ठाकुरजी को मनोहारी वस्त्र, आभूषणों एवं सुगंधित पुष्पमालाओं से अलंकृत किया गया। मंदिर में विशेष भोग अर्पित किया गया, जिसमें विभिन्न प्रकार के मिष्ठान्न, फल तथा पारंपरिक व्यंजन सम्मिलित थे। श्रद्धालु ठाकुरजी के मनोहारी स्वरूप के दर्शन कर भाव-विभोर हो उठे।
संध्याकाल में छोटी दीपावली के उपलक्ष्य में विशेष दीपदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंदिर परिसर में सैकड़ों दीप प्रज्ज्वलित किए गए, जिनकी प्रकाशमय छटा से संपूर्ण परिसर जगमगा उठा। श्रद्धालुओं ने दीप अर्पित कर भगवान से सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। दीपों की मनोहारी रोशनी ने उपस्थित जनसमुदाय को आध्यात्मिक आनंद से सराबोर कर दिया।
उत्सव के दौरान भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से सहभागिता की। संपूर्ण मंदिर परिसर भगवान के जयकारों और भक्ति रस से ओत-प्रोत रहा।
इस अवसर पर मंदिर के महंत नन्दन श्रोत्रिय, जुगल श्रोत्रिय, गोपालदास अग्रवाल, प्रदीप कुमार गर्ग, साहिल, शुभम सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

