हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा/बरसाना। श्री गिरिराज जी सेवक मंडल परिवार, आगरा के तत्वावधान में सोमवार को बरसाना धाम स्थित श्री राधारानी मंदिर में भक्ति, सेवा और श्रद्धा से ओतप्रोत भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर राधारानी जी की विशेष पोशाक सेवा, दिव्य फूल बंगला दर्शन, संत सेवा एवं विशाल प्रसादी वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे पुष्पों से सजाया गया। राधारानी जी का मनोहारी श्रृंगार और फूल बंगला श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। दर्शन के दौरान पूरे परिसर में "राधे-राधे" और "जय श्री राधारानी सरकार" के जयघोष गूंजते रहे, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा।
आयोजन के अंतर्गत संत-महात्माओं की विशेष प्रसाद सेवा एवं सम्मान किया गया। इसके पश्चात हजारों श्रद्धालुओं के लिए विशाल भोजन प्रसादी का आयोजन हुआ, जिसमें भक्तों ने प्रेम एवं श्रद्धा के साथ प्रसादी ग्रहण की।
चरण सेवक अजय गोयल, मनोज कुमार गर्ग, श्याम सुंदर माहेश्वरी, पवन कुमार अग्रवाल, नीरज अग्रवाल एवं मनीष गोयल ने कहा कि बरसाना धाम में राधारानी जी की सेवा का अवसर अत्यंत सौभाग्य का विषय है। संत सेवा एवं प्रसादी सेवा भारतीय संस्कृति की महान परंपरा है, जो समाज में सेवा, समर्पण और आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करती है।
कार्यक्रम की व्यवस्थाएं विनय बंसल, गौरव बंसल एवं नितिन अग्रवाल ने संभाली। आयोजन को सफल बनाने में प्रदीप अग्रवाल, योगेश बंसल, रजनीश गुप्ता, बृजमोहन रैपुरिया, अंकुर अग्रवाल, सीमा गोयल, स्वीटी गर्ग, कविता अग्रवाल, उर्मिला माहेश्वरी, निधि अग्रवाल, नीता अग्रवाल, प्राची अग्रवाल एवं मंजू अग्रवाल सहित समस्त सेवक मंडल का विशेष सहयोग रहा।
समापन पर श्रद्धालुओं ने राधारानी जी के श्रीचरणों में विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि एवं आध्यात्मिक उन्नति की प्रार्थना की।

