व्यापारी विरोधी है वर्तमान सरकार, दुकानदार से लेकर उद्यमी तक परेशान : मनोज गुप्ता

फतेहाबाद रोड स्थित सपा कार्यालय में आयोजित हुई जिला एवं महानगर संगठन की समीक्षा बैठक,वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े प्रदेश अध्यक्ष

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। 13 जून,समाजवादी व्यापार सभा की जिला एवं महानगर संगठन की समीक्षा बैठक फतेहाबाद रोड स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों की समस्याओं, संगठन विस्तार तथा आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति पर चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।

बैठक को संबोधित करते हुए समाजवादी व्यापार सभा के मंडल प्रभारी मनोज गुप्ता ने आरोप लगाया कि प्रदेश का दुकानदार, व्यापारी तथा छोटे एवं मध्यम उद्यमी सरकारी तंत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली, पानी, सड़क और सीवर जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी बनी हुई है। उनके अनुसार वर्तमान सरकार आम व्यापारियों की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर रही है।

मनोज गुप्ता ने कहा कि आगरा जिले में लगभग एक लाख 40 हजार लोग सर्राफा व्यवसाय से जुड़े हैं, जिनमें बड़ी संख्या मजदूर वर्ग की है। उन्होंने दावा किया कि रोजगार के अवसर सीमित होने से इस वर्ग के समक्ष आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है। उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग अपनी समस्याओं के समाधान के लिए राजनीतिक परिवर्तन चाहता है।

बैठक में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देशों का उल्लेख करते हुए कहा गया कि समाजवादी व्यापार सभा प्रदेशभर में व्यापारियों और वैश्य समाज को पार्टी से जोड़ने के उद्देश्य से संगठन को मजबूत करने का कार्य कर रही है।

समाजवादी व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष संजीव पोरवाल ने कहा कि वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए व्यापारी हित में समाजवादी पार्टी की पूर्व सरकारों द्वारा लिए गए निर्णयों को व्यापारियों के बीच प्रचारित किया जाएगा। उन्होंने आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 को स्थगित करने, चुंगी प्रथा समाप्त करने, तहबाजारी एवं इंस्पेक्टर राज खत्म करने तथा व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना जैसी पहल का उल्लेख किया।

जिलाध्यक्ष संजीव पोरवाल एवं महानगर अध्यक्ष सोमेश गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित समीक्षा बैठक का संचालन मनीष भारद्वाज ने किया, जबकि अध्यक्षता रामचंद्र पोरवाल ने की।

बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी सचिव राजेश गुप्ता, जिला महासचिव जवाहरलाल अग्रवाल, उपाध्यक्ष इलियास सिद्दीकी, विजय कुमार एवं शीलू गुप्ता, आगरा ग्रामीण विधानसभा अध्यक्ष राजकुमार यादव, कोषाध्यक्ष प्रशांत कुमार, जिला सचिव संजीव ठाकुर एवं सतीश ठाकुर, पूर्व जिलाध्यक्ष राम सहाय यादव, मीडिया प्रभारी गिरी सिंगल, खैरागढ़ विधानसभा अध्यक्ष गोपाल प्रसाद, उपाध्यक्ष राधा राठौर, कार्यकारिणी सदस्य विजय कुमार, मनोज कुमार, मनीष भारद्वाज सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।