हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। रेस्पेक्ट एज इंटरनेशनल (अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन सम्मान समिति) एवं सुभारत संगीत निकेतन, सिकंदरा के संयुक्त तत्वावधान में पुरुषोत्तम अधिक मास के अवसर पर आयोजित तीसरी सनातन भक्ति संगीत संध्या का आयोजन श्री हरिकृष्ण वृद्धजन सम्मान भवन, पश्चिम पुरी, सिकंदरा में श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि न्यायिक अधिकारी पंडित मुकेश प्रकाश शर्मा ने मां सरस्वती, भगवान श्रीराम एवं समाजसेवी स्व.हरिकृष्ण गुप्ता के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर डॉ. गिरीश गुप्ता, डॉ. वी.डी. अग्रवाल, डॉ. विनोद माहेश्वरी, एस.के. गुप्ता, रामेंद्र शर्मा, पं. देवाशीष गांगुली ‘संगीतेश’, मीता गांगुली, शुभाशीष गांगुली एवं समृद्धि सिंह उपस्थित रहे।
भक्ति संध्या में कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजन और नृत्य प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। समृद्धि सिंह, प्रशांत परिहार एवं साथियों ने लोकप्रिय भजन “अच्युतम केशवम कृष्ण दामोदरम...” प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। रागिनी जैन, प्रतीक्षा जैन, वैभव शर्मा, शाम्भवी ठाकुर, उत्कर्ष तिवारी एवं आशी ने “इतनी शक्ति हमें देना दाता” तथा “योगेश्वराय महादेवाय” की प्रभावशाली प्रस्तुति दी।
दीपाली कुमारी ने कृष्ण भक्ति पर आधारित भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत किया। पूजा अग्रहरि एवं निखिल कुलश्रेष्ठ ने “राधिका गोरी से” युगल भजन सुनाया, जबकि करीना गोयल ने “एक राधा एक मीरा” से श्रोताओं की सराहना प्राप्त की। महेंद्र पाल सिंह ने शास्त्रीय भक्ति संगीत प्रस्तुत किया। बाल कलाकार अयान खान ने “ओ पालनहारे” भजन गाकर सभी का मन मोह लिया। महिमा सत्संगी, अरमा कुमारी, निशा शर्मा एवं अन्य कलाकारों की प्रस्तुतियों को भी खूब सराहा गया।
इस अवसर पर आयोजित वृद्धजन सम्मान समारोह में दीपांजलि चक्रवर्ती, माया देवी, केशव लवानिया एवं संजय गुप्ता को उपवस्त्र और सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन अरमा कुमारी ने किया। संगीत निर्देशन पं. देवाशीष गांगुली ‘संगीतेश’ का रहा तथा तबले पर प्रशांत अदक ने संगति की। अंत में डॉ. गिरीश गुप्ता ने सभी अतिथियों, कलाकारों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।


