हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। ट्रांस यमुना कॉलोनी निवासी राकेश अग्रवाल (61 वर्ष), सुपुत्र स्वर्गीय कैलाश चन्द्र अग्रवाल, का सोमवार को निधन हो गया। उनके निधन के उपरांत परिजनों ने मानवता का परिचय देते हुए नेत्रदान का निर्णय लिया।
मृतक के परिजन टीटू अग्रवाल ने श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी से संपर्क कर नेत्रदान की प्रक्रिया सम्पन्न कराने का अनुरोध किया। सूचना प्राप्त होते ही कमेटी के सहयोग से एस.एन. मेडिकल कॉलेज की आई बैंक प्रभारी डॉ. शेफाली मजूमदार के निर्देशन में ग्रीफ काउंसलर दीपक शर्मा एवं चिकित्सकीय टीम द्वारा सफलतापूर्वक नेत्रदान की प्रक्रिया पूरी कराई गई।
नेत्रदान के माध्यम से दो नेत्रहीन व्यक्तियों के जीवन में नई रोशनी आने की उम्मीद जगी है। इस मानवीय पहल की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।
श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल, महासचिव राजीव अग्रवाल, प्रभारी विष्णु जैन तथा मीडिया प्रभारी नंदकिशोर गोयल ने आमजन से भी नेत्रदान जैसे पुनीत कार्य से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि मृत्यु के उपरांत नेत्रदान कर दो लोगों के जीवन को प्रकाशमय बनाया जा सकता है।
नेत्रदान संबंधी जानकारी एवं सहायता के लिए मोबाइल नंबर 9319809451 पर संपर्क किया जा सकता है।

