हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो
आगरा। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) में सोमवार को नन्दोत्सव श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। सतरंगी पुष्पों से सजे पालने में विराजमान नन्दकिशोर के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण को माखन-मिश्री का भोग अर्पित किया गया तथा भक्तों ने पालना झुलाकर नन्दलाल के जन्मोत्सव की खुशियां मनाईं।
मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों, आकर्षक विद्युत सज्जा और पारंपरिक अलंकरण से भव्य रूप दिया गया था। विशेष रूप से सुसज्जित पालने में बाल स्वरूप श्रीकृष्ण को विराजमान किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने बारी-बारी से पालना झुलाकर अपनी आस्था व्यक्त की। ‘‘नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’’ के जयघोषों से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम के दौरान मृदंग और मंजीरों की मधुर धुन पर हरे राम-हरे कृष्ण संकीर्तन एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर संकीर्तन में शामिल हुए।
इस्कॉन आगरा के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने बताया कि पुरुषोत्तम मास भगवान की भक्ति, सेवा और साधना के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। इस माह में किए गए धार्मिक कार्यों का पुण्य कई गुना बढ़कर प्राप्त होता है।
इस अवसर पर कान्ता प्रसाद अग्रवाल, नितेश अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, शैलेन्द्र अग्रवाल, संजीव बंसल, संजीव मित्तल, राजेश उपाध्याय, अदिति गौरांगी, ओमप्रकाश अग्रवाल, आशु मित्तल, शाश्वत नन्दलाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


