रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शमसाबाद में महाराणा प्रताप की प्रतिमा का किया अनावरण

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा, 14 जून। भारत सरकार के रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने रविवार को शमसाबाद में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा का भव्य अनावरण किया तथा विशाल जनसभा को संबोधित किया। इससे पूर्व खेरिया एयरफोर्स स्टेशन पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ एवं पटका पहनाकर उनका स्वागत किया।

शमसाबाद में आयोजित कार्यक्रम में रक्षा मंत्री ने महाराणा प्रताप को अद्वितीय संघर्ष, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने मान-सम्मान और मूल्यों से कभी समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप चाहते तो अकबर से समझौता कर वैभवपूर्ण जीवन जी सकते थे, लेकिन उन्होंने राष्ट्र और स्वाभिमान की रक्षा के लिए कठिन संघर्ष का मार्ग चुना।

जनसभा को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि आज विश्व मंच पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है और देश की बात गंभीरता से सुनी जाती है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ केंद्र सरकार ने सख्त नीति अपनाई है तथा देश की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा लिए गए विभिन्न निर्णयों और संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार देश निर्माण की भावना से कार्य कर रही है।

रक्षा मंत्री ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा देश में निवेश और औद्योगिक विकास के प्रयासों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था किसी भी राज्य के विकास की पहली शर्त होती है और उत्तर प्रदेश सरकार इस दिशा में प्रभावी कार्य कर रही है।

अपने संबोधन में उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया की वक्तृत्व कला की सराहना करते हुए कहा कि उनमें अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने की विशेष क्षमता है।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर, राज्यसभा सदस्य नवीन जैन, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, महिला एवं बाल विकास मंत्री बेबी रानी मौर्य, होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा मंत्री धर्मवीर प्रजापति, विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह, डॉ. जी.एस. धर्मेश, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, छोटे लाल वर्मा, भगवान सिंह कुशवाह, विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

रिपोर्ट : असलम सलीमी