देश का युवा ठान ले तो कोई रक्त के अभाव में जान न गंवाए : ललित शर्मा



आगरा विकास सेवा समिति के चतुर्थ रक्तदान शिविर में 400 यूनिट रक्तदान

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। आगरा विकास सेवा समिति द्वारा अग्रवन में आयोजित चतुर्थ रक्तदान शिविर में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए 400 यूनिट रक्तदान किया। समिति के माध्यम से भाजपा युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष ललित शर्मा द्वारा अपने जन्मदिवस के अवसर पर लगातार चौथे वर्ष इस रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को रक्तदान के प्रति जागरूक करना और यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी व्यक्ति की मृत्यु रक्त के अभाव में न हो।

शिविर का शुभारंभ विधायक योगेन्द्र उपाध्याय, पूर्व मेयर नवीन जैन तथा भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर विधायक योगेन्द्र उपाध्याय ने कहा कि रक्तदान करके किसी को जीवन देना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने का आह्वान किया।

भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने कहा कि रक्त का उत्पादन किसी कारखाने में नहीं किया जा सकता। केवल मानव ही स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंदों की सहायता कर सकता है। पूर्व मेयर नवीन जैन ने कहा कि पिछले वर्ष आयोजित शिविर में 200 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ था, जबकि इस वर्ष 400 यूनिट रक्तदान कर युवाओं ने मानव सेवा का नया उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है, क्योंकि यह सीधे किसी व्यक्ति को जीवनदान देता है।

कार्यक्रम के आयोजक ललित शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि देश का युवा संकल्प ले ले तो कोई भी व्यक्ति रक्त के अभाव में अपनी जान नहीं गंवाएगा। उन्होंने कहा कि "वक्त का हर क्षण और रक्त का हर कण अमूल्य है" की भावना के साथ यह अभियान निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है।

इस अवसर पर अमित अग्रवाल ग्वाला, दीप विनायक, ध्रुव, निशांत, शुभम, उज्जवल, कार्तिक, परमवीर, अवधेश, गोविंद, मोनू, राघव, अक्षत, मानव, विवेक, शुभम दुबे सहित बड़ी संख्या में युवा एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।