आम-मलाई घेवर के भोग एवं रक्षासूत्र के साथ मनाया गया रक्षाबंधन उत्सव


हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर प्राचीन पुष्टिमार्गीय श्री ठाकुर मथुराधीश जी महाराज मंदिर में मंगलवार को रक्षाबंधन उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ठाकुर जी को आम एवं मलाई से बने विशेष घेवर का भोग अर्पित किया गया तथा विधि-विधान से रक्षासूत्र बांधा गया। इसके बाद श्रद्धालुओं को भी रक्षासूत्र बांधकर चंदन का तिलक लगाया गया।

मंदिर परिसर में प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने ठाकुर श्री मथुराधीश जी के दर्शन कर विशेष पूजन-अर्चन किया और पुरुषोत्तम मास के महत्व का स्मरण करते हुए भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

उत्सव के अंतर्गत मंदिर को रंग-बिरंगे पुष्पों, आकर्षक बंदनवारों और पारंपरिक सजावट से भव्य रूप प्रदान किया गया। ठाकुर जी का विशेष श्रृंगार कर उन्हें रेशमी वस्त्र, स्वर्णाभूषण एवं मनोहारी राखियों से अलंकृत किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य भगवान को रक्षा सूत्र अर्पित कर विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि और शांति की कामना की गई।

रक्षाबंधन उत्सव के अवसर पर विशेष कीर्तन का भी आयोजन हुआ। राधे-राधे एवं श्रीकृष्ण भजनों की मधुर प्रस्तुति से मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया। आरती के समय ‘‘जय श्रीकृष्ण’’ और ‘‘राधे-राधे’’ के जयघोषों से पूरा परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने ठाकुर जी के चरणों में रक्षा सूत्र अर्पित कर अपने परिवार की सुख-शांति और मंगलमय जीवन की कामना की।

इस अवसर पर हितेश लवानिया, महंत नंदन श्रोत्रिय, ब्रज खंडेलवाल, जुगल श्रोत्रिय, दिनेश कुमार, हितेश कुमार, अभिजात लवानिया, रवि दीक्षित, धर्म पचौरी, सौरभ खंडेलवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।