आगरा पहुंचे सपा मुखिया अखिलेश यादव ने वैश्य और व्यापारियों की समस्याओं का लिया जायजा



विनय अग्रवाल के निवास पर सैकड़ों अग्रवाल-वैश्य बंधुओं ने किया स्वागत

दक्षिण विधानसभा सीट से सपा के पूर्व प्रत्याशी विनय अग्रवाल के आवास पर आयोजित बैठक में व्यापारियों के मुद्दों पर हुई चर्चा, 2027 में सरकार बनने पर समस्याओं के समाधान का दिया आश्वासन

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा।13 जून, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को आवास विकास कॉलोनी स्थित आगरा दक्षिण विधानसभा सीट से सपा के पूर्व प्रत्याशी विनय अग्रवाल के निवास पर पहुंचकर अग्रवाल-वैश्य समाज एवं व्यापारियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके समाधान को लेकर विचार-विमर्श किया।

अखिलेश यादव ने सबसे पहले विनय अग्रवाल के परिवार के सदस्यों से भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना। इसके बाद आयोजित बैठक में शहर के छोटे, मझोले और बड़े व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। बैठक में मौजूद सैकड़ों अग्रवाल-वैश्य बंधुओं ने उनका स्वागत किया।

महाराजा अग्रसेन के चित्र पर माल्यार्पण करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि महाराजा अग्रसेन का समाजवाद विश्व के लिए एक अनूठी प्रेरणा है और समाजवादी पार्टी उनके आदर्शों का अनुसरण करती है। उन्होंने कहा कि "एक ईंट और एक रुपया" का संदेश सामाजिक सहयोग और सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण है।

पूर्व सपा प्रत्याशी विनय अग्रवाल ने कहा कि वह आगरा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों की समस्याओं को शासन, प्रशासन और पुलिस के समक्ष लगातार उठाते रहे हैं तथा उनके समाधान के लिए संघर्ष करते हैं। उन्होंने व्यापारियों के समक्ष आने वाली चुनौतियों से भी सपा मुखिया को अवगत कराया।

बैठक के दौरान आगरा के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई। इनमें अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, बैराज, खंडपीठ, आईटी हब, रिवर फ्रंट और प्रदूषण मुक्त उद्योगों की वर्तमान स्थिति प्रमुख रही। अखिलेश यादव ने उपस्थित व्यापारियों से इन परियोजनाओं की प्रगति और उनसे जुड़ी अपेक्षाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

व्यापारियों ने व्यापारी सुरक्षा आयोग के गठन, व्यापारियों को पेंशन सुविधा उपलब्ध कराने, लाइसेंसी शस्त्र उपलब्ध कराने तथा व्यापारियों के बीमा की सीमा बढ़ाने जैसी मांगें भी रखीं। इस पर अखिलेश यादव ने कहा कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्य किया जाएगा। उन्होंने विनय अग्रवाल से अग्रवाल-वैश्य समाज एवं व्यापारियों की प्रमुख समस्याओं की सूची तैयार कर उपलब्ध कराने को भी कहा।

बैठक की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी आगरा दक्षिण विधानसभा अध्यक्ष सतीश चाहर, वरिष्ठ नेता राकेश अग्रवाल, सोमेश गुप्ता, पूर्व पार्षद राजपाल यादव, जोन प्रभारी सुशील गुप्ता एवं हिमांशु ने संभाली।

इस अवसर पर सुरेश चंद्र गर्ग (तपन ग्रुप), विनोद कुमार अग्रवाल (अध्यक्ष, अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन ब्रज प्रदेश), राकेश अग्रवाल (अध्यक्ष, अग्रवाल युवा संगठन), राजकुमार गर्ग (अध्यक्ष, अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन), संजय अग्रवाल (उपाध्यक्ष, ब्रज प्रदेश), नीरज अग्रवाल रतन प्रिया, राम अग्रवाल, उमेश अग्रवाल (महामंत्री, अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन ब्रज प्रदेश), राजू गर्ग पेठे वाले, पवन आगरी, अंकित अग्रवाल, शिवम गर्ग, जिनेश अग्रवाल, जितेंद्र अग्रवाल, अशोक अग्रवाल घी वाले, दीपक अग्रवाल, कपिल अग्रवाल, शशांक अग्रवाल, पवन अग्रवाल, अवधेश अग्रवाल, शरद अग्रवाल, अजय अग्रवाल, राजीव गर्ग, शिवकुमार गुप्ता, संदीप अग्रवाल, भारत मित्तल, बृज किशोर अग्रवाल, मनीष जैन, हरेंद्र अग्रवाल, आशीष अग्रवाल, मयंक अग्रवाल, शुभम अग्रवाल, विजय सिंघल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।