उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा की,शिकायतों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा,7 जून। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के शनिवार को आगरा आगमन पर खेरिया एयरपोर्ट पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्हें पुष्पगुच्छ एवं पटका भेंट कर सम्मानित किया गया।

आगरा पहुंचने के बाद उपमुख्यमंत्री ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ की अवधारणा का समर्थन करते हुए कहा कि इससे समय,संसाधनों और धन की बचत होगी तथा विकास कार्यों को अधिक गति मिलेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकास के मार्ग पर अग्रसर है। आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया जैसे अभियानों से देश में उत्पादन बढ़ेगा,रोजगार के अवसर सृजित होंगे और अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने ऊर्जा संरक्षण पर बल देते हुए नागरिकों से संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की अपील की।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक चुनौतियों और संघर्षों के बीच भारत शांति, संवाद और विकास का मार्ग दिखाने वाला देश बनकर उभर रहा है। उन्होंने भारतीय वैज्ञानिकों की उपलब्धियों तथा ऊर्जा क्षेत्र में हो रहे अनुसंधानों की भी सराहना की।

उपमुख्यमंत्री सर्किट हाउस पहुंचे,जहां उन्होंने जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और अधिकारियों के साथ बैठक कर सरकार की विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की।

बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं के लिए आवंटित धनराशि का समयबद्ध उपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि तहसीलों, ब्लॉकों और थानों में आमजन से प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जाए तथा प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आवासहीन पात्र परिवारों को चिन्हित कर योजनाओं का लाभ देने तथा फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। साथ ही राशन वितरण, आवास आवंटन एवं अन्य योजनाओं में भ्रष्टाचार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस आयुक्त दीपक कुमार, जिलाधिकारी मनीष बंसल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट : असलम सलीमी