प्रदेश के औद्योगिक विकास एवं MSME क्षेत्र को नई गति देने पर हुई चर्चा
हिन्दुस्तान वार्ता।ब्यूरो
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार के नव नियुक्त कैबिनेट मंत्री एवं MSME मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी से बुधवार को उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम लिमिटेड (UPSIC) के चेयरमैन (दर्जा राज्यमंत्री) एवं लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री राकेश गर्ग ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रदेश के औद्योगिक विकास, MSME क्षेत्र के विस्तार तथा उद्यमियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
भेंट के अवसर पर राकेश गर्ग ने मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी को पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर MSME मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य उत्तर प्रदेश के MSME सेक्टर को देश में अग्रणी बनाना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। नई औद्योगिक नीतियों और योजनाओं के माध्यम से प्रदेश के उद्यमियों को राष्ट्रीय एवं वैश्विक बाजारों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
UPSIC चेयरमैन राकेश गर्ग ने प्रदेश के औद्योगिक विकास एवं विस्तार को लेकर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि निगम के माध्यम से लघु उद्योगों को औद्योगिक प्लॉट, कॉमन फैसिलिटी सेंटर तथा मार्केटिंग सपोर्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे उद्योगों को नई गति मिल रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी के नेतृत्व और दूरदर्शी सोच से प्रदेश का MSME क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
लघु उद्योग भारती के प्रदेश सचिव मनीष अग्रवाल रावी ने कहा कि दोनों नेताओं की यह सकारात्मक मुलाकात आगरा सहित पूरे उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास और निवेश के वातावरण को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

