16 जुलाई को निकलेगी श्रीजगन्नाथ की भव्य रथयात्रा,तैयारियों में जुटे भक्तजन



14 जुलाई को नवयौवन वेश में देंगे दर्शन, 15 जुलाई को फूल बंगला व छप्पन भोग का आयोजन

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) में श्रीजगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। 14 दिनों के अनसर (विश्राम) के उपरांत भगवान श्रीजगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा 14 जुलाई को नयन उत्सव में नवयौवन वेश में भक्तों को दर्शन देंगे। 15 जुलाई को भव्य फूल बंगला एवं छप्पन भोग का आयोजन होगा, जबकि 16 जुलाई को भगवान नंदीघोष रथ पर विराजमान होकर भव्य रथयात्रा के माध्यम से नगर भ्रमण करेंगे।

इस्कॉन आगरा के अध्यक्ष अरविंद स्वरूप प्रभु ने आमंत्रण पत्र विमोचन कार्यक्रम में बताया कि रथयात्रा 16 जुलाई को दोपहर 3 बजे बल्केश्वर स्थित महादेव मंदिर से प्रारंभ होगी। यात्रा बल्केश्वर और कमला नगर क्षेत्र से होते हुए रश्मि नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर पहुंचेगी। श्रद्धालु भगवान के रथ को रस्सियों से खींचकर मंदिर तक ले जाएंगे तथा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर यात्रा का स्वागत किया जाएगा। महोत्सव में स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ देश-विदेश से हजारों भक्तों के शामिल होने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि रथयात्रा के निमंत्रण हेतु 10 से 13 जुलाई तक शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आमंत्रण यात्राएं निकाली जाएंगी। नितेश अग्रवाल ने बताया कि इन यात्राओं के दौरान लगभग एक लाख श्रद्धालुओं को खिचड़ी प्रसाद वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है। 14 जुलाई को नयन उत्सव के उपरांत 15 जुलाई को भक्तों द्वारा तैयार किए गए 56 प्रकार के व्यंजनों का छप्पन भोग भगवान को अर्पित किया जाएगा।

इस अवसर पर सुधीर अग्रवाल, शैलेश बंसल, अनूप अग्रवाल, अखिल मोहन मित्तल, विमल नयन फतेहपुरिया, अमित मित्तल, दीपक प्रह्लाद मित्तल, राजीव मल्होत्रा, अनुज अग्रवाल, मनीष गुप्ता, रमेश यादव, ओमप्रकाश अग्रवाल, अदिति गौरांगी, विष्णु शर्मा, अंशुल अग्रवाल, रविंद्र कुमार अग्रवाल, अंकित अग्रवाल, जितेंद्र गोयल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

12 जुलाई से शुरू होगा गुंडिचा मार्जन

अरविंद स्वरूप प्रभु ने बताया कि 12 जुलाई से गुंडिचा मार्जन का शुभारंभ होगा। इस परंपरा के तहत रथयात्रा से पूर्व मंदिर की विशेष सफाई, रंग-रोगन एवं पुष्प सज्जा की जाती है। मान्यता है कि इस अनुष्ठान से मंदिर के साथ-साथ भक्तों का हृदय भी पवित्र होता है।

आमंत्रण यात्रा का कार्यक्रम

10 जुलाई, शाम 5 बजे : करकुंज चौराहा से कारगिल पेट्रोल पंप होते हुए पश्चिम पुरी चौराहा।

11 जुलाई, शाम 5 बजे : पीपल वाला गेट से सिंधी बाजार, किनारी बाजार, रावतपाड़ा, दरेसी, मोतीगंज होते हुए बेलनगंज चौराहा।

12 जुलाई, सुबह 6 बजे : दुर्गा मंदिर, डिफेंस एस्टेट से बिंदू कटरा भ्रमण कर पुनः दुर्गा मंदिर।

12 जुलाई, शाम 5 बजे : बल्केश्वर महादेव मंदिर से बल्केश्वर चौराहा, चांदनी चौक, सिटी मॉल, न्यू आदर्श नगर, पानी की टंकी, महाराजा अग्रसेन मार्ग होते हुए श्रीजगन्नाथ मंदिर।

13 जुलाई, शाम 5 बजे : आजाद पेट्रोल पंप,संजय प्लेस से कॉसमॉस मॉल तक।