आराध्य ने हाथों के बल की,बरसाना की सात किलोमीटर परिक्रमा,विश्व रिकॉर्ड में दर्ज कराने की तैयारी

 

हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा/बरसाना। आगरा निवासी आराध्य गुप्ता ने धार्मिक आस्था और संकल्प का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करते हुए बरसाना की सात किलोमीटर लंबी परिक्रमा हाथों के बल पूरी की है। आराध्य और उनके परिवार का कहना है कि इस विशेष परिक्रमा को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज कराने की प्रक्रिया के लिए आवश्यक दस्तावेज एवं वीडियो साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार,आराध्य गुप्ता ने 25 जून 2026 को प्रातः 7:19 बजे श्री लाडली जी महाराज मंदिर की सीढ़ियों के सामने से हाथों के बल परिक्रमा का प्रथम चरण प्रारंभ किया। इस दौरान स्थानीय निवासी टिंकू शर्मा और नवीन शर्मा ने परिक्रमा की शुरुआत देखने की पुष्टि की। परिवार के अनुसार मार्ग में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आराध्य का उत्साहवर्धन किया और उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया।

प्रथम चरण का समापन सुबह 8:21 बजे बरसाना थाना पार्किंग के समीप हुआ,जहां स्थानीय दुकानदार मनोज और निवासी गोपी द्रोपा ने आराध्य द्वारा बिना किसी सहायता के परिक्रमा का चरण पूरा करने की बात कही। 

उसी दिन सायं 6:29 बजे आराध्य ने उसी स्थान से द्वितीय चरण प्रारंभ किया,जहां पूर्व में परिक्रमा रोकी गई थी। परिवार के अनुसार, इस दौरान भी बड़ी संख्या में लोगों ने उनका उत्साहवर्धन किया और परिक्रमा के वीडियो बनाए गए।

द्वितीय चरण का समापन 25 जून को शाम 7:36 बजे चित्रा सखी मंदिर के पास हुआ। इस दौरान उपस्थित संजय गुर्जर, रामजीत गुर्जर, श्याम बाबू, देवराम और जगराम सिंह सहित अन्य लोगों ने आराध्य के प्रयास की सराहना की।

परिवार के अनुसार परिक्रमा के दौरान अनेक श्रद्धालुओं ने आराध्य को जल, शीतल पेय, दूध और अन्य खाद्य सामग्री उपलब्ध कराकर सहयोग किया। कई बुजुर्ग महिलाओं ने भी उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया। परिजनों का कहना है कि स्थानीय लोगों ने आराध्य के इस प्रयास को विशेष श्रद्धा और सम्मान के साथ देखा।

बताया गया कि 29 जून को सुबह लगभग 7:30 बजे आराध्य ने बरसाना की सात किलोमीटर परिक्रमा पूर्ण की। इस अवसर पर श्री राधा रानी मंदिर से जुड़े गोस्वामीजनों द्वारा उनका स्वागत किया गया तथा उन्हें चुनरी, माला और प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया गया।

आराध्य गुप्ता ने वृंदावन स्थित ठाकुर श्री राधावल्लभ लाल जी मंदिर में दर्शन किए, जहां महंत श्री मोहित मराल गोस्वामी जी ने उन्हें आशीर्वाद स्वरूप प्रसाद,पुष्पमालाएं और एक पुस्तक भेंट की। 

इसके अतिरिक्त उन्होंने प्रख्यात कथावाचक पूज्य श्री अनिरुद्ध आचार्य जी महाराज तथा शांति सेवा धाम में पूज्य श्री देवकीनंदन ठाकुर जी महाराज से भी भेंट की। परिवार के अनुसार, दोनों संतों ने आराध्य के संकल्प की सराहना करते हुए उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया।

आराध्य गुप्ता के पिता का नाम कमलेश गुप्ता,माता का नाम सीमा गुप्ता तथा जुड़वा बहन का नाम आराध्या गुप्ता है। परिवार आगरा के पश्चिम पुरी स्थित प्रतीक विहार फेस-2, मकान संख्या 31, सालासर बालाजी मंदिर के निकट निवास करता है। परिवार का कहना है कि वे इस उपलब्धि को आधिकारिक विश्व रिकॉर्ड के रूप में दर्ज कराने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं।

रिपोर्ट : मनोहर लाल चुघ