विश्व जनसंख्या दिवस विशेष :परिवार नियोजन में ‘अंतरा’ इंजेक्शन पर बढ़ा भरोसा,एक वर्ष में 23 हजार से अधिक महिलाओं ने अपनाया



हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा, 10 जुलाई। विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि परिवार नियोजन के अस्थायी साधनों में त्रैमासिक गर्भनिरोधक इंजेक्शन ‘अंतरा’ महिलाओं की पहली पसंद बनता जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में 20,797 तथा 2025-26 में 23,323 महिलाओं ने अंतरा इंजेक्शन लगवाया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने कहा कि अंतरा अनचाहे गर्भ को रोकने और दो बच्चों के बीच सुरक्षित अंतर रखने का प्रभावी विकल्प है। यह इंजेक्शन जिला महिला चिकित्सालय, सीएचसी, पीएचसी, शहरी स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों एवं उपकेंद्रों पर निःशुल्क उपलब्ध है। उन्होंने नवविवाहित दंपतियों से विवाह के दो वर्ष बाद पहला बच्चा और दो बच्चों के बीच कम से कम तीन वर्ष का अंतर रखने की अपील की।

परिवार नियोजन कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. प्रमोद यादव ने बताया कि पहली डोज प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी द्वारा आवश्यक जांच के बाद ही लगाई जाती है। उन्होंने बताया कि बरौली अहीर ब्लॉक में सबसे अधिक 2,371 महिलाओं ने अंतरा अपनाया,जबकि सैंया (1,948) और बाह (1,624) क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।

सीएचसी बरौली अहीर के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित पांडे ने इस उपलब्धि का श्रेय आशा कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्य टीम को दिया। ग्राम नगला सबल की आशा कार्यकर्ता श्यामवती ने बताया कि घर-घर संपर्क और सामुदायिक बैठकों के माध्यम से महिलाओं को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक किया गया।

इसी गांव की 26 वर्षीय कल्पना ने बताया कि दो बच्चों के बाद उन्होंने पति की सहमति से अंतरा इंजेक्शन अपनाया है। अब तक छह डोज लेने के बावजूद उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई और यह उनके लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक विकल्प साबित हुआ है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 11 से 18 जुलाई तक विश्व जनसंख्या दिवस अभियान चलाया जाएगा। इस वर्ष अभियान का स्लोगन "जब बच्चों में हो सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल" रखा गया है। अभियान के दौरान परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।