सुभाष बाजार में दो मंजिला दुकान ढही,मलबे में दबे लोगों का रेस्क्यू जारी


हिन्दुस्तान वार्ता। ब्यूरो

आगरा। थाना मंटोला क्षेत्र के सुभाष बाजार में बुधवार दोपहर बारिश के दौरान नाले के ऊपर बनी एक दो मंजिला दुकान अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे के समय दुकान में कई लोगों के मौजूद होने की आशंका है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मलबे में पांच लोगों के दबने की सूचना मिली।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस,फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं तथा राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। अब तक मलबे से चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि एक महिला को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है।

हादसे के बाद सुभाष बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से आसपास का क्षेत्र खाली कराकर भीड़ को हटाया और बचाव कार्य में जुटी टीमों को सहयोग दिया। प्रशासन द्वारा मलबे में अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका के मद्देनजर तलाशी अभियान जारी है। समाचार लिखे जाने तक राहत एवं बचाव कार्य जारी था।

रिपोर्ट : असलम सलीमी